T20 World Cup 2026: मैं यहां खड़ा नहीं रहता अगर वो…संजू सैमसन ने सेमीफाइनल जिताने के बाद कही दिल की बात

India vs England, 2nd Semi-Final: टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हरा दिया. इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 42 गेंदों में 89 रन बनाए. हालांकि उन्होंने जीत का असली हीरो किसी और खिलाड़ी को बताया. ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि जसप्रीत बुमराह हैं, जिन्होंने इस मुकाबले में बेहद ही किफायती गेंदबाजी की. जिस मैच में कुल 499 रन बने, उस मैच में बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर एक विकेट झटका. यही वजह है कि सैमसन ने जसप्रीत बुमराह को जीत का असली हीरो बताया.

बुमराह के लिए सैमसन ने कही बड़ी बात

प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद संजू सैमसन ने कहा, ‘जीत हासिल कर अच्छा लग रहा है. पिछले मैच में मेरी फॉर्म अच्छी थी और मैंने उसे जारी रखने की कोशिश की. मैंने खुद को थोड़ा टाइम दिया और उसके बाद गेंद बल्ले पर आने लगी. मैं लंबी पारी खेलना चाहता था. हमने कंडिशंस को परखा और अच्छा लगा कि हम कामयाब रहे.’ सैमसन ने आगे कहा, ‘जसप्रीत बुमराह को जीत का पूरा श्रेय जाता है. उन्होंने अच्छी गेंदबाजी नहीं की होती तो शायद मैं यहां खड़ा नहीं होता. मैंने भी अच्छा योगदान दिया, इसके लिए मैं काफी खुश हूं.’

जसप्रीत बुमराह ने पलटा खेल

जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अपनी पहली ही गेंद पर भारत को बहुत बड़ी कामयाबी दिलाई. इस खिलाड़ी ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर हैरी ब्रूक को आउट किया. इंग्लैंड के कप्तान अच्छी फॉर्म में चल रहे थे लेकिन वो बुमराह की स्लोअर गेंद पर कैच आउट हो गए.

डेथ ओवर्स में दिखाया बुमराह ने दम

जसप्रीत बुमराह ने डेथ ओवर्स में अपना असली दम दिखाया. इस खिलाड़ी ने 16वें ओवर में सिर्फ 8 रन दिए और 18वें ओवर में इस खिलाड़ी ने महज 6 रन ही खर्च किए. बुमराह की इस गेंदबाज के चलते इंग्लैंड पर दबाव बना और अंत में बेथल-कर्रन भी टीम को जीत नहीं दिला सके.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें