T20 World Cup 2026 में बने वो वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिन्हें दुनिया ने किया सलाम

T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला गया. फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया. यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप का ये एडिशन रिकॉर्ड्स से भरा रहा. क्रिकेट फैंस को लगभग 1 महीने तक चले इस टूर्नामेंट में कई बडे़ कारनामे देखने को मिले.

टीम इंडिया का बड़ा कारनामा

भारत पहली टीम बनी जो तीन टी20 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब रही. इसके अलावा लगातार दो बार चैंपियन बनने वाली पहली टीम भी बनी. वहीं, घरेलू मैदान पर भी ये पहला मौका था जब किसी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता.

भारत ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर

भारत ने फाइनल में 255 रनों का स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है. यह किसी भी टी20I नॉकआउट या प्लेऑफ मैच में भी अब तक का सबसे बड़ा स्कोर था.

3 बार 250+ रन का स्कोर

टीम इंडिया ने इस एडिशन में कुल 3 बार 250+ रन का स्कोर बनाया. भारत पहली टीम भी बनी जिसने लगातार दो 250+ स्कोर बनाए. फाइनल से पहले सेमीफाइनल में भी टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन बनाए थे. वहीं, सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन बनाए थे, जो इस एडिशन का सबसे बड़ा स्कोर था.

एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन

पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने भी एक बड़ा कारनामा किया. उन्होंने कुल 383 रन बनाए, जो एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 319 रन बनाए थे. हालांकि, अब टिम साइफर्ट (326) और संजू सैमसन (321) भी कोहली के इस रिकॉर्ड को तोड़ चुके हैं.

सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड

सुपर-8 के मुकाबले में साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने श्रीलंका के खिलाफ 176 रनों की साझेदारी की थी. जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी.

पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर

टीम इंडिया ने फाइनल मैच के दौरान पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन जोड़े थे, जो टी20 वर्ल्ड कर के इतिहास में पावरप्ले में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर रहा. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2024 में ऐसा किया था, लेकिन वो फाइनल मैच नहीं था.

संजू सैमसन का बड़ा कारनामा

संजू सैमसन के लिए फाइनल मैच काफी खास रहा. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन बनाकर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.

एक मैच में सबसे ज्यादा रन

सेमीफाइनल मैच भी काफी ऐतिहासिक रहा. भारत और इंग्लैंड ने मिलकर इस मुकाबले में 499 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड है.

फाइनल में सबसे तेज फिफ्टी

अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस एडिशन का और टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है.

सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 24 छक्के लगाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है.

टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक

न्यूजीलैंड के फिन ऐलन ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया, उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की. ये शतक उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में लगाया था.

टीम इंडिया ने ठोके सबसे ज्यादा छक्के

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 106 छक्के लगाए, इसी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप के एडिशन में 100 छक्के लगाने वाली पहली टीम बन गई.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें