Hardik Pandya: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उतरने से पहले टीम इंडिया के लगभग सभी खिलाड़ी फुल फॉर्म में नजर आ रहे हैं. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव… सबका खेल अपने चरम पर है. टीम इंडिया के नजरिए से ये अच्छी खबर भी है. मगर इस वर्ल्ड कप में जो खिलाड़ी इतिहास पलट सकता है, टीम इंडिया को चैंपियन बना सकता है, वो नाम है हार्दिक पंड्या का. ऑलराउंडर पंड्या को लेकर ऐसा कहने की सबसे बड़ी वजह है टी20 वर्ल्ड कप का भारत में होना.
हार्दिक पंड्या जिताएंगे T20 वर्ल्ड कप!
वैसे तो T20 वर्ल्ड कप अभी तक किसी भी मेजबान देश ने नहीं जीता है. ना ही किसी डिफेंडिंग चैंपियन ने अब तक अपना खिताब बरकरार रखा है. लेकिन, लगता है 2026 में कहानी बदलती दिखेगी. जो T20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अभी भारत की है, वो इस देश की ही रहेगी. भारतीय टीम के इस अभियान में हार्दिक पंड्या की बड़ी भूमिका होगी. भले ही देश के ज्यादातर क्रिकेट फैंस की निगाहें अभिषेक, ईशान और सूर्या की तरफ हो, लेकिन आंकड़े कहते हैं कि टीम इंडिया को जिताने वाले हार्दिक पंड्या होंगे.
हार्दिक पंड्या क्यों हो सकते हैं एक्स फैक्टर?
हार्दिक पंड्या कैसे भारत को जिता सकते हैं, उसे जरा उनके T20 इंटरनेशनल के आंकड़ों से समझिए. ये आंकड़े T20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद के हैं, जिसमें उनका प्रदर्शन विदेशों के मुकाबले घरेलू सीरीज में ज्यादा दमदार, असरदार और विस्फोटक दिखता है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भारत में होने की वजह से पंड्या का यही फॉर्म और पावर भारत को सिकंदर बनाता दिखता है.
टी20 वर्ल्ड कप की फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
हार्दिक पंड्या ने T20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से अब तक घर में 4 T20 सीरीज खेली है. इन 4 सीरीज में से 3 में हार्दिक पंड्या का स्ट्राइक रेट 180 से ऊपर का रहा है. वहीं विदेश में खेली 2 T20 सीरीज और एक T20 टूर्नामेंट में से किसी में भी उनका स्ट्राइक रेट 180 क्या, 170 के भी पार नहीं गया.

बल्ले से ही नहीं गेंद से भी डालेंगे असर!
हार्दिक पंड्या के प्रदर्शन में यही फर्क उनकी गेंदबाजी में भी दिखता है, जहां उनकी इकॉनमी विदेशों के मुकाबले घर में खेली T20 सीरीज में हल्की बेहतर दिखती है. T20 वर्ल्ड कप 2024 से अब तक घर में खेली 4 T20 सीरीज में हार्दिक पंड्या ने 13 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान सिर्फ एक सीरीज में ही उनकी इकॉनमी 9 के ऊपर गई है.

दमदार, असरदार , पंड्या
साफ है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में देखा जाए तो टीम इंडिया के सारे खिलाड़ी ही अपने आप में विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बनते दिखेंगे. लेकिन, हार्दिक पंड्या का घरेलू जमीन पर खेल वैसा ही दिखा, जैसा कि T20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद अब तक दिखता आया है तो फिर इसमें दो राय नहीं कि भारत का स्टार ऑलराउंडर टूर्नामेंट में सबसे दमदार भी दिखेगा और असरदार भी.