T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे ने ओमान को रौंदा, 19 मीटर दौड़कर कैच लपकने वाले खिलाड़ी ने जिताया मैच

Brian Bennett Catch: टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के युवा खिलाड़ी ब्रायन बेनेट ने कमाल कर दिखाया है. 22 साल के इस खिलाड़ी ने ओमान के खिलाफ बेहतरीन कैच लपका. इस कैच को जिसने देखा वो हैरान रह गया क्योंकि ब्रायन ने 19 मीटर की दौड़ के बाद छलांग लगाई और उन्होंने गेंद को लपक लिया. इस कैच को पकड़ने के दौरान उनके हाथ-पांव भी रगड़ गए लेकिन उन्होंने गेंद को छोड़ा नहीं. ब्रायन बेनेट की कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बता दें इस मुकाबले को जिम्बाब्वे ने 8 विकेट से अपने नाम किया.

ब्रायन बेनेट का कमाल कैच

ब्रायन बेनेट ने ये कमाल कैच 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लपका. नदीम खान ने ब्रैड इवांस की गेंद पर मिड विकेट एरिया में शॉट लगाया. इस दौरान डीप स्क्वायर लेग पर लगे बेनेट तेजी से अपनी दांई ओर दौड़े और उन्होंने 19 मीटर की स्प्रिंट के बाद शानदार डाइव लगाते हुए कैच लपक ली. ब्रायन बेनेट के इस एफर्ट को टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बेहतरीन कैच बताया जा रहा है. बता दें बेनेट के इस कैच के दम पर जिम्बाब्वे ने ओमान को 103 रनों पर समेट दिया.

बेनेट ने बल्ले से भी दिखाया दम

ब्रायन बेनेट ने बेहतरीन कैच लपकने के बाद बल्ले से भी कमाल दिखाया. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 36 गेंदों में 48 रन बनाए. इस खिलाड़ी की बेहतरीन पारी के दम पर जिम्बाब्वे ने 104 रनों का लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. जिम्बाब्वे ने ये मैच 8 विकेट से जीता.

जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का जलवा

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में कमाल गेंदबाजी की. ओमान के खिलाफ तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने 3-3 विकेट हासिल किए. ब्रैड इवांस ने भी 3 शिकार किए. ओमान ने इस मुकाबले में आधी टीम सिर्फ 27 रन पर गंवा दी थी लेकिन मिडिल ओवर्स में सूफयान महमूद ने 25, विनायक शुक्ला ने 28 और नदीम खान ने 20 रन बनाकर टीम को किसी तरह 100 पार पहुंचाया. लेकिन अंत में जीत जिम्बाब्वे को ही मिली.