‘T20 World Cup 2026 का फाइनल खेलेगा पाकिस्तान’

T20 World Cup में पाकिस्तान की टीम को भारत से 61 रनों से हार मिली. इस हार के बाद पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल हो गया है. लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान के खिलाड़ी फाइनल में पहुंचने का दावा ठोक रहे हैं. ये दावा पाकिस्तान के लेग स्पिनर शादाब खान ने किया है. कोलंबो में नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले शादाब खान ने कहा कि वो कोलंबो में फाइनल तक रहने वाले हैं. शादाब प्रैक्टिस कर लौट रहे थे तो पाकिस्तानी रिपोर्टर्स ने उनसे पूछा कि यहां सेमीफाइनल तक रहोगे तो इसपर पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कोलंबो में ही फाइनल खेलने की बात कही.

पाकिस्तान का फाइनल में पहुंचना मुश्किल

पाकिस्तान क्रिकेट टीम का फाइनल में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है. भारत के खिलाफ इस टीम की सारी कमजोरी सामने आ गई है. नेदरलैंड्स और अमेरिका को हराने के बाद पाकिस्तान की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों भारत के सामने ढेर हो गई, नतीजा ये टीम 61 रनों से हारी. पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर के 4 बल्लेबाज क्रीज पर टिकने का दम नहीं रख पाए. सैम अय्यूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आजम और कप्तान सलमान आगा बुरी तरह फेल साबित हुए. गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी की जबरदस्त धुनाई हुई. वैसे अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंच गया तो इससे टीम इंडिया को बहुत नुकसान होगा. पाकिस्तान के फाइनल में पहुंचने की सूरत में खिताबी मुकाबला अहमदाबाद की जगह कोलंबो में खेला जाएगा.

पाकिस्तान की टीम में होंगे बड़े बदलाव?

पाकिस्तान की भारत के खिलाफ हार के बाद से खबरें हैं कि उसकी प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव हो सकते हैं. बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को ड्रॉप किया जा सकता है. बाबर की जगह फखर जमां और शाहीन की जगह सलमान मिर्जा को जगह मिल सकती है. हालांकि इन दोनों ही खिलाड़ियों ने मंगलवार को जमकर प्रैक्टिस की. उस्मान तारिक ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी प्लेइंग इलेवन तय नहीं हुई है.