T20 World Cup में पहली बार हुआ ऐसा, 2 दोस्तों ने बनाया एक जैसा वर्ल्ड रिकॉर्ड

T20 World Cup 2026 में पहली बार कुछ ऐसा हुआ जो पहले कभी नहीं देखने को मिला. इसमें दो दोस्तों ने एक जैसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है. अब आप सोच रहे होंगे कि वो दो दोस्त कौन हैं और उनके बनाए एक जैसे जिस वर्ल्ड रिकॉर्ड की हम बात कर रहे हैं, वो क्या है? हम यहां तिलक वर्मा और डिवाल्ड ब्रेविस की बात कर रहे हैं, जिनकी आपस की दोस्ती पहले से ही मशहूर है. भारत-साउथ अफ्रीका के इन दो खिलाड़ियों की दोस्ती है कि दोनों एक-दूसरे को सराहने का कोई मौका नहीं छोड़ते. T20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा और डिवाल्ड ब्रेविस ने अपने-अपने देशों के लिए खेले, मगर जो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया वो बिल्कुल एक जैसा रहा.

बिना अर्धशतक के सबसे ज्यादा रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड

तिलक वर्मा और डिवाल्ड ब्रेविस दोनों ही बिना अर्धशतक लगाए T20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. दोनों ने ही एक जैसे 207-207 रन बनाए. T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इससे पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि किसी बल्लेबाज ने बिना अर्धशतक जमाए 200 प्लस का स्कोर बनाया हो. मगर तिलक वर्मा और डिवाल्ड ब्रेविस ने 2026 के T20 वर्ल्ड कप में ऐसा कर दिखाया है.

तिलक और ब्रेविस ने खेला डेब्यू T20 वर्ल्ड कप

इन दोनों से पहले बिना अर्धशतक के सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के अनामुल हक के नाम था. उन्होंने 2014 के T20 वर्ल्ड कप में 184 रन बनाए थे. तिलक वर्मा और डिवाल्ड ब्रेविस के बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड में बड़ी बात ये भी है कि उन्होंने ये कमाल अपना डेब्यू टी20 वर्ल्ड कप खेलते हुए किया है.

ब्रेविस और तिलक हैं अच्छे दोस्त

डिवाल्ड ब्रेविस IPL में जब मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, तब उन्होंने उसके यू-ट्यूब चैनल पर सूर्यकुमार यादव के साथ बातचीत में तिलक वर्मा के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र किया था. ब्रेविस ने बताया था कि वो और तिलक वर्मा बहुत अच्छे दोस्त हैं. फोन कॉल पर उनकी अक्सर बात होती है. कभी तिलक कर लेते हैं कभी वो तिलक को कर लेते हैं.