IND vs NED, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबलों का खेल खेला जा रहा है, 20 फरवरी से सुपर-8 मैचों का आगाज होगा. टीम इंडिया को अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच आज यानी 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है. इस मुकाबले में भारत का सामना एक ऐसी टीम से होगा, जिसके खिलाफ उन्होंने अपने घर पर अभी तक 1 भी टी20 मैच नहीं खेला है. वहीं, स्क्वॉड में सिर्फ 4 खिलाड़ी ही ऐसे हैं जिनके पास इस टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव है.
टीम इंडिया का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच
टीम इंडिया को अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच नीदरलैंड्स की टीम के खिलाफ खेलना है. यह दोनों टीमों के लिए लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला है. भारत पहले ही तीन जीत के साथ सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर चुका है, वहीं नीदरलैंड्स के लिए अच्छा प्रदर्शन करने का यह आखिरी मौका होगा. इन दोनों टीमों के बीच अभी तक सिर्फ 1 टी20 मैच ही खेला गया है. ये मैच 2022 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सिडनी में हुआ था. तब टीम इंडिया ने 56 रनों से बाजी मारी थी.
7 खिलाड़ियों का होगा ‘डेब्यू’
बता दें, टीम इंडिया के मौजूदा स्क्वॉड में सिर्फ सूर्यकुमार यादव, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 मैच खेल चुके हैं. ऐसे में ये चारों खिलाड़ी इस मैच का हिस्सा बनते हैं तो भी कम से कम 7 खिलाड़ी नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना पहला टी20 मैच खेलने उतरेंगे. इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे होगी. वहीं, आधे घंटे पहले यानी साढ़े छह बजे टॉस होगा. टीम इंडिया की नजर जीत के साथ ग्रुप स्टेज को खत्म करने पर रहने वाली है.
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय टीम: ईशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह.
नीदरलैंड्स की टीम: स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, जैक लायन-कैशेट, रोएलोफ वैन डेर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, फ्रेड क्लासेन, नोआ क्रोस, साकिब ज़ुल्फ़िकार, पॉल वैन मीकेरेन, टिम वैन डेर गुगटेन.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें