SA vs NZ, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एकतरफा साबित हुआ, जहां न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी. यह जीत न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाने वाली रही, जहां वह अब खिताब के लिए लड़ेंगे. इस मैच में साउथ अफ्रीका को अपनी टीम के स्टार क्विंटन डीकॉक की एक गलती काफी भारी पड़ी. अगर, क्विंटन डीकॉक ने ये गलती ना की होती तो मुकाबले का नतीजा कुछ और भी हो सकता था.
क्विंटन डीकॉक की एक आवाज और टीम बाहर
इस मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी. वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन ही बना पाई. जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत विस्फोटक रही. सलामी बल्लेबाज फिन ऐलन और टिम साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 117 रन की जबरदस्त साझेदारी की. जिसके चलते न्यूजीलैंड ने टारगेट को 12.5 ओवर में 1 विकेट पर हासिल कर लिया. इस दौरान मैच में एक मौका भी ऐसा आया, जो साउथ अफ्रीका के लिए भारी पड़ गया.
दरअसल, न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही कगिसो रबाडा ने टिम साइफर्ट को आउट करने का सुनहरा मौका दिया था. गेंद टॉप एज के चलते हवा में चली गई थी, लेकिन क्विंटन डीकॉक ने ये बड़ा मौका गंवा दिया. क्विंटन डीकॉक ने खुद ये कैच पकड़ने का कॉल किया था. बता दें, गेंद जब हवा में गई तो क्विंटन डिकॉक कैच के लिए पीछे भागकर फाइन लेग की ओर बढ़े, लेकिन वह गेंद के नीचे नहीं पहुंच पाए. हालांकि, डीप फाइन लेग पर खड़े डेवाल्ड ब्रेविस गेंद के करीब थे, लेकिन डिकॉक ने कॉल किया और कैच ड्रॉप हो गया. यह जीवनदान न्यूजीलैंड के लिए वरदान साबित हुआ, क्योंकि साइफर्ट और ऐलन ने इसके बाद प्रोटियाज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. अगर, क्विंटन डीकॉक ये कॉल ना करते तो डेवाल्ड ब्रेविस के लिए ये एक आसान मौका हो सकता था.
टिम साइफर्ट ने ठोका अर्धशतक
टिम साइफर्ट का जब ये कैच छूटा था तो वह सिर्फ 11 रन पर थे. लेकिन उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और 33 गेंदों पर 175.75 की स्ट्राइक रेट से 58 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए. जिसके चलते न्यूजीलैंड ने इस मैच में एक आसान जीत हासिल की. वहीं, फिन ऐलन ने भी 33 गेंदों पर नाबाद 100 रन ठोककर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें