टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कई कमाल के रिकॉर्ड टूटे हैं, जो कई सालों से कायम थे. ऐसा ही एक रिकॉर्ड टूटा भारत और वेस्टइंडीज के मैच के दौरान, जिसके हीरो रहे कैरेबियाई बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर. भारत के खिलाफ सुपर-8 राउंड के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज हेटमायर बड़ी पारी नहीं खेल पाए लेकिन उन्होंने इस दौरान टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस मुकाबले में 2 छक्के लगाकर हेटमायर एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रविवार 1 मार्च को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग की. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के लिए रॉस्टन चेज और कप्तान शे होप ने दमदार शुरुआत दिलाई और अर्धशतकीय साझेदारी की. पहला विकेट गिरने के बाद फिर क्रीज पर आए बाएं हाथ के बल्लेबाज हेटमायर, जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और कई विस्फोटक पारियां खेलीं.
इस बार भी हेटमायर ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए आते ही हार्दिक पंड्या की गेंद पर छक्का जमा दिया. इसके बाद भी उनका हमला जारी रखा और उन्होंने फिर कुछ ही गेंदों बाद वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ भी एक जबरदस्त सिक्सर जड़ दिया. इस दूसरे छक्के के साथ ही हेटमायर एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बल्लेबाज बन गए. हेटमायर के नाम इस वर्ल्ड कप की 7 पारियों में 19 छक्के हो गए हैं.
इस मामले में वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज ने पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने एक दिन पहले ही इसे अपने नाम किया था. साहिबजादा फरहान के नाम 18 छक्के हैं और उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 2024 के वर्ल्ड कप में 17 छक्के जमाए थे.
हालांकि, हेटमायर की ये पारी इस बार ज्यादा देर नहीं चल सकी और वो जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए. मगर पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने अपनी इनिंग्स में 12 गेंदों पर ही अंधाधुंध 27 रन लूट लिए, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था. जहां तक बुमराह की बात है तो उन्होंने टी20 इंटरनेशनल की 3 पारियों में दूसरी बार हेटमायर को अपना शिकार बनाया. मगर भारतीय पेसर उतने पर ही नहीं रुके. बुमराह ने उसी ओवर में वेस्टइंडीज को एक झटका और दिया. इस बार उन्होंने रॉस्टन चेज को आउट कर दिया, जिन्होंने तेजी से 40 रन बना लिए थे.