टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ी टीमों को जीत के लिए पापड़ बेलने पड़ रहे हैं और उलटफेर का खतरा बना हुआ है. ऑस्ट्रेलिया को मिली हार के बाद इंग्लैंड भी ऐसे ही एक उलटफेर का शिकार होने से बच गई. हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने अपने तीसरे मैच में स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हरा दिया. कोलकाता में खेले गए इस मैच में स्कॉटलैंड ने 152 रन बनाए थे लेकिन ये स्कोर को हासिल करने में भी इंग्लैंड को पापड़ बेलने पड़ गए. आखिर टॉम बैंटन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने जीत दर्ज की और सुपर-8 की उम्मीदों को जिंदा रखा है.
शनिवार 14 फरवरी को ईडन गार्डन्स में खेला गया ये मैच दोनों ही टीम के लिए अहम था. दोनों के 2-2 पॉइंट्स थे और अगले राउंड में पहुंचने के लिए यहां जीत हासिल करनी जरूरी थी. इंग्लैंड की ओर से इसे सफल बनाने में उसके गेंदबाजों ने बड़ी भूमिका निभाई. तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और दिग्गज स्पिनर आदिल रशीद ने स्कॉटलैंड को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया. कप्तान रिची बेरिंगटन और माइकल जोन्स की पारियों के दम पर स्कॉटलैंड किसी तरह 152 रन तक पहुंच पाया.
मगर जवाब में इंग्लैंड की स्थिति भी एकदम खराब रही और 13 रन तक ही दोनों ओपनर आउट हो गए. वहीं कुल 86 रन तक कप्तान हैरी ब्रूक (4) समेत 4 विकेट गिर गए थे. ऐसे में इंग्लैंड की स्थिति बहुत अच्छी नहीं लग रही थी. मगर ऐसे वक्त में टॉम बैंटन ने एक तरफ से पारी को संभाला. पिछले दोनों ही मैच में वो बुरी तरह फ्लॉप रहे थे लेकिन इस बार टीम की संकटमोचक बने. बैंटन ने पहले तो जैकब बैथेल ()32 के साथ 66 रन और फिर सैम करन (28) के साथ 46 रन की अहम साझेदारी कर टीम को बचाया और फि 19वें ओवर में जीत तक पहुंचाया. बैंटन 41 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद लौटे.
इस जीत ने इंग्लैंड के लिए सुपर-8 की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया है, जबकि स्कॉटलैंड को जोर का झटका दिया है. इस मैच से पहले इंग्लैंड ग्रुप सी में चौथे स्थान पर फिसल गई थी. मगर इस मैच में जीत के बाद उसके 3 मैच से 4 पॉइंट्स हो गए हैं और वो वेस्टइंडीज के बाद दूसरे स्थान पर है. अब उसका आखिरी मैच इटली से है, जहां जीत दर्ज कर वो अगले राउंड में पहुंच सकती है. वहीं स्कॉटलैंड के 3 मैच में 2 हार के बाद 2 पॉइंट्स ही हैं. उसका आकिरी मैच नेपाल से है, जो आसान नहीं होने वाला. अगर स्कॉटिश टीम ये मैच जीतती भी है तो भी उसे इंग्लैंड या वेस्टइंडीज में से किसी एक को सिर्फ 4 पॉइंट्स तक सिमटने की उम्मीद करनी होगी, जिसकी संभावना कम है.