SRH vs RR: शतक से चूके ईशान किशन लेकिन की ऐसी धुनाई, विकेट के लिए आपस में ही भिड़े राजस्थान के खिलाड़ी

जब से ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जिताया है, तब से ही उन्हें रोकना मुश्किल साबित हो रहा है. उस टूर्नामेंट में कप्तान रहते हुए उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए थे. अब कुछ ऐसी ही जिम्मेदारी वो आईपीएल 2026 में भी निभा रहे हैं. पैट कमिंस की गैरहाजिरी में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाल रहे ईशान ने इस सीजन में एक बार फिर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं लेकिन शतक के करीब आकर आउट हो गए. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में ईशान के बल्ले से 91 रन की विस्फोटक पारी निकली.

हैदराबाद के अपने होम ग्राउंड उप्पल स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए सनराइजर्स ने स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा का विकेट जल्दी गंवा दिया था. पारी की पहली ही गेंद पर अभिषेक आउट हो गए थे. ऐसे में कप्तान ईशान को दूसरी गेंद पर ही मोर्चा संभालना पड़ा लेकिन उन्होंने सिर्फ टीम को संभाला ही नहीं, बल्कि काउंटर अटैक किया और राजस्थान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं.

ईशान ने उड़ाए राजस्थान के होश

इस सीजन के पहले ही मैच में इसी तरह की स्थिति में आकर 80 रन की जबरदस्त पारी खेलने वाले ईशान ने इस बार भी ऐसा ही किया. पिछले 3 मैच में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे ईशान ने राजस्थान के खिलाफ ये कसर पूरी की. उन्होंने 30 गेंदों पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. मगर ईशान का असली रूप इसके बाद देखने को मिला उन्होंने जब चौके-छक्कों की ऐसी बारिश की, जिसके दम पर सिर्फ अगली 13 गेंदों पर ही करीब 40 रन बना लिए.

ईशान किशन के हमले का ये असर हुआ कि राजस्थान के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. वहीं ईशान इस सीजन में अपने पहले शतक की ओर बढ़ रहे थे. मगर जब वो शतक से 9 रन दूर थे, तभी एक गेंद पर सही टाइमिंग के साथ शॉट नहीं खेल सके और आउट हो गए. ईशान ने सिर्फ 44 गेंदों की अपनी पारी में 91 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे.

विकेट के लिए आपस में टकराए खिलाड़ी

SRH के कप्तान की पारी का अंत बड़ा नाटकीय रहा. 14वें ओवर में संदीप शर्मा के खिलाफ ईशान सही टाइमिंग के साथ शॉट नहीं खेल पाए, जिसके कारण गेंद पिच के पास ही हवा में ऊंची उठ गई. बड़ी मुश्किल से ईशान को आउट करने का एक मौका मिला था, जिसे राजस्थान वाले गंवाना नहीं चाहते थे. इसलिए ये कैच लपकने के लिए संदीप और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल दौड़ पड़े और कैच लपकने की कोशिश में आपस में ही जोर से टकरा गए. हालांकि, राहत ये रही कि संदीप ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की और दोनों में से किसी को चोट भी नहीं लगी.