SRH vs LSG: हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ को मिली IPL 2026 की पहली जीत, 5 विकेट से चटाई धूल

SRH vs LSG: आईपीएल 2026 के 10वें लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को रोमांचक अंदाज में हरा दिया. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया यह मैच आखिरी ओवर तक चला.

लखनऊ ने मेजबान टीम को मात्र 5 विकेट से पराजित किया. इस जीत के हीरो रहे लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत, जिन्होंने दमदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई.

हैदराबाद की पारी

टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने गेंदबाजी का फैसला लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ. शुरुआत में लखनऊ के गेंदबाजों ने हैदराबाद की बल्लेबाजी को बुरी तरह झकझोर दिया. मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआती झटके दिए. एक समय सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 26 रन पर 4 विकेट हो गया था, लेकिन इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी ने पारी को संभाला.

दोनों बल्लेबाजों के बीच 116 रनों की मजबूत साझेदारी हुई. क्लासेन और रेड्डी दोनों ने अर्धशतक जड़े. इनकी बदौलत हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 156 रन बना सकी. लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट चटकाए.

लखनऊ की चेज में पंत का कमाल

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने एक छोर संभालकर रखा. पंत ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और जरूरत पड़ने पर आक्रामक शॉट्स भी खेले. उन्होंने 50 गेंदों पर 68 रन की नाबाद पारी खेली. मैच आखिरी ओवर में पहुंच गया. लखनऊ को जीत के लिए 9 रन चाहिए थे.

पंत ने पहले दो गेंदों पर दो चौके लगाकर स्कोर को बराबर कर दिया. अगली दो गेंदें बिना रन के गई, जिससे रोमांच बढ़ गया, लेकिन पांचवीं गेंद पर पंत ने एक और चौका जड़ दिया और मैच को अपने नाम कर लिया. उन्होंने आखिरी ओवर में तीन चौके लगाए और विनिंग शॉट भी उन्हीं के बल्ले से निकला.

दोनों टीमों की स्थिति

यह लखनऊ सुपर जायंट्स की इस सीजन की पहली जीत है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को तीन मैचों में यह दूसरी हार मिली है. पंत की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों ही सराहनीय रही. उन्होंने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि आखिरी ओवर में नर्वस नहीं हुए और दबाव में शानदार प्रदर्शन किया.

 

Leave a Comment