SRH vs LSG: मोहम्मद शमी की आंधी में उड़ी हैदराबाद, पहली जीत के साथ लखनऊ ने खोला खाता

लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी आईपीएल 2026 में अपना खाता खोल ही लिया है. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ ने सीजन के अपने दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को करीबी मुकाबले में 5 विकेट से हराया और पहली जीत दर्ज की. अपने घर में छोटे स्कोर वाले मुकाबले में हारने के बाद लखनऊ ने हैदराबाद को उसके घर में शिकस्त दी. स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के घातक स्पैल के दम पर सनराइजर्स को 156 रन पर रोकने के बाद लखनऊ ने कप्तान ऋषभ पंत के जुझारू अर्धशतक के दम पर आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में रविवार 5 अप्रैल को ‘डबल हेडर’ के पहले मैच में लखनऊ ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर ये जीत दर्ज की. पहले मैच की ही तरह लखनऊ के तेज गेंदबाजों ने एक बार फिर शुरुआती ओवर्स में ही बैटिंग टीम को बैकफुट पर धकेल दिया था. मोहम्मद शमी इस बार भी लखनऊ के बॉलिंग अटैक की जान रहे, जिन्होंने सिर्फ 7 गेंदों के अंदर ही हैदराबाद के दोनों विस्फोटक ओपनर, अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड, को पवेलियन लौटा दिया था. शमी ने लगातार 4 ओवर डाले और सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए.

शमी के अलावा युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और स्पिनर मणिमारन सिद्धार्थ ने भी हैदराबाद की विस्फोटक बैटिंग को खुलने का मौका नहीं दिया, जिसके चलते टीम ने सिर्फ 26 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे. हालत ये थी कि शुरुआती 10 ओवर में SRH के स्कोर में सिर्फ 35 रन ही जुड़े थे. मगर ऐसे वक्त में हेनरिख क्लासन और नीतीश कुमार रेड्डी ने पारी को संभाला और काउंटर अटैक किया. दोनों ने बेहतरीन अर्धशतक जमाते हुए 116 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला. मगर आखिरी 2 ओवर में हैदराबाद सिर्फ 12 रन बना सकी और 4 विकेट गंवा दिए, जिसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ा.

(खबर अपडेट हो रही है)