IND vs SL: श्रीलंका के बल्लेबाज सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ इतिहास रच दिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा. सोनल दिनुशा का ये शतक ना सिर्फ श्रीलंका की हार टाल गया बल्कि इस शतक के दम पर सोनल ने वो कमाल कर दिखाया जो कभी कोई क्रिकेटर नहीं कर सका.
सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ क्या रिकॉर्ड बनाया है, आइए आपको बताते हैं.
सोनल दिनुशा ने रचा इतिहास
भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के 12वें और श्रीलंका के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. लेकिन बड़ी बात ये है कि सोनल दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं जिसने भारत के खिलाफ नंबर 6 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए दोनों पारियों में सैकड़ा जड़ा है.
फॉलोऑन वाले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक
सोनल दिनुशा श्रीलंका के पहले क्रिकेटर हैं जिसने फॉलोऑन वाले टेस्ट मैच में दोनों पारियों में शतक लगाया है. 25 साल बाद किसी बल्लेबाज ने ऐसा कर दिखाया है. एंडी फ्लावर ने 2001 में और विजय हजारे ने 1948 में ये कमाल किया था.
सोनल हैं पहले खिलाड़ी जिसने…
सोनल दिनुशा दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं जिसने एक टेस्ट सीरीज में महज चार पारियों में नंबर 6 या उससे नीचे क्रम पर खेलते हुए तीन शतक लगा दिए. इयान बेल ने भी साल 2006 में ये कमाल किया था लेकिन उन्होंने 7 पारियों में 3 सेंचुरी लगाई थी.
चार पारियों में फिफ्टी प्लस स्कोर
सोनल दिनुशा ने इस टेस्ट सीरीज में कमाल प्रदर्शन किया. उन्होंने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 100 रन बनाए. उसी मैच की दूसरी पारी में सोनल ने 84 रन बनाए. कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में सोनल ने 103 रन बनाए और दूसरी पारी में भी उन्होंने सेंचुरी जड़ दी.