Smriti Mandhana Captain: स्मृति मंधाना को बनाया गया वनडे-टी20 टीम का कप्तान, BCCI ने बताया क्यों दी कप्तानी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक बहुत बड़ा बदलाव हुआ है. हरमनप्रीत कौर की जगह स्मृति मंधाना को कप्तान बना दिया गया है. बीसीसीआई ने गुवाहाटी में हुई बैठक में ये बड़ा फैसला लिया. मंधाना लंबे समय से महिला टीम की उपकप्तान थीं और हरमनप्रीत के साथ उन्होंने काफी कुछ सीखा और उनकी गैरमौजूदगी में टीम को लीड किया.

स्मृति मंधाना ने अपनी कप्तानी का लोहा पहले भी साबित किया है. इस खिलाड़ी ने महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 2024 और 2026 में चैंपियन बनाया. स्मृति 2013 से भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं और इस भूमिका में उन्हें काफी अनुभव है. मंधाना को अभी वनडे और टी20 का कप्तान ही बनाया गया है. वो पहले भी 18 टी20 इंटरनेशनल और 4 वनडे मैचों में टीम की कप्तानी कर चुकी हैं.

मंधाना को क्यों बनाया गया कप्तान?

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मिन्हास और सचिव जयदीप सैकिया ने   को कप्तान नियुक्त करने की वजह भी बताई. बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि उन्हें मंधाना की काबिलियत पर पूरा भरोसा है, वो खुद को साबित कर चुकी हैं. मिथुन मिन्हास ने कहा, ‘मैं स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर बधाई देता हूं. वो कई सालों से भारतीय क्रिकेट का एक अहम हिस्सा रही हैं और उन्होंने लगातार आगे बढ़कर लीडरशिप के लिए जरूरी गुण दिखाए हैं.’ मिन्हास ने आगे कहा, ‘बीसीसीआई को स्मृति पर पूरा भरोसा है और मुझे यकीन है कि वह इस भूमिका को उसी पेशेवर रवैये के साथ निभाएंगी जो उन्होंने अपने पूरे करियर में दिखाया है.’

बीसीसीआई सचिव को भी मंधाना पर भरोसा

स्मृति मंधाना पर भरोसा जताते हुए देवजीत सैकिया ने कहा ,’ स्मृति को इस अमह जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई. वो भारतीय टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक बन चुकी हैं और भारतीय महिला क्रिकेट के सफर के कई अहम पलों का हिस्सा रही हैं. वो भारत का प्रतिनिधित्व करने का महत्व समझती हैं और मुझे विश्वास है कि कप्तान के तौर पर वो इसे बखूबी निभाएंगी.’

कप्तान बनने पर क्या बोलीं स्मृति मंधाना?

स्मृति मंधाना ने कप्तान बनने के बाद कहा कि ये उनके लिए बेहद सम्मान की बात है. देश की कप्तानी करना हमेशा से उनके लिए काफी मायने रखता है. मंधाना ने कहा, ‘मैं बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, अपनी टीम के साथियों और उन सभी लोगों की आभारी हूं जिन्होंने मेरे पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर भरोसा जताया. मैं अपना बेस्ट देने की कोशिश करूंगी.’

Leave a Comment