Sri Lanka vs Bangladesh Bronze Medal: श्रीलंका ने एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है. 3 अक्टूबर को खेले गए ब्रॉन्ज मेडल मैच में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रनों से बुरी तरह हराया.
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी बांग्लादेश की टीम 17.3 ओवर में 102 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई. इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है, जबकि बांग्लादेश खाली हाथ रह गया. श्रीलंका को सेमीफाइनल में भारतीय टीम से 124 रनों से हार मिली थी, जिसके चलते ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलना पड़ा था. वहीं, बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पाकिस्तान से हार मिली थी. ऐसे में इन दोनों टीमों के बीच ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला गया.
श्रीलंका ने कैसे जीता मैच?
इस मुकाबले में श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. श्रीलंका की शुरुआत काफी खराब रही थी. सिर्फ 21 के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम के 4 विकेट गिर गए थे. इसके बाद कप्तान सहान अराच्चिगे और एशेन बंडारा ने मोर्चा संभाला. उन दोनों के बीच 33 रन की साझेदारी हुई. इसके बाद थरिंदु रत्नायके ने पारी को संभाला. उन्होंने सिर्फ 32 गेंद पर 65 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के लगाए. इसके दम पर श्रीलंका ने 165 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया. बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन, मुस्तफिजुर रहमान और सैफ हसन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि रिशाद हुसैन और अलिस अल इस्लाम ने 1-1 विकेट चटकाए.
बांग्लादेश की शर्मनाक बल्लेबाजी
166 रन के स्कोर का पीछा करने वाली बांग्लादेशी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. बांग्लादेश के टॉप-3 बल्लेबाज बिन खाता खोले ही आउट हो गए. सलामी बल्लेबाज सैफ हसन, तंजीद हसन और कप्तान लिटन दास बिना खाता खोले ही आउट हो गए. बांग्लादेश ने सिर्फ 18 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद टीम मैच में वापसी नहीं कर पाई. बांग्लादेश की ओर से नसुम अहमद ने सबसे ज्यादा बनाए. उन्होंने 9वें नंबर पर आकर 28 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए. उनके अलावा यारिल अली ने 16 गेंदों में 21 रन और परवेज हुसैन इमोन ने 26 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली. इसके अलावा तौहीद ह्रदय (11) और रिशाद हुसैन (10) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए.
श्रीलंका की शानदार गेंदबाजी
इस मुकाबले में श्रीलंका के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. श्रीलंका के लिए नुवान तुषारा, थारिंदु रत्नायके, विजयकांथ व्यासकांथ और वानुजा सहान ने 2-2 विकेट चटकाए. वहीं, कप्तान सहान अराच्चिगे और दूषण हेमंथा को भी 1-1 विकेट मिला. इसके दम पर श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.