Shivang Kumar, IPL 2026: 14 साल की उम्र में डाल दिए हथियार, फिर एक फिल्म ने बदली जिंदगी, जानिए कौन हैं शिवांग कुमार?

Shivang Kumar: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने शिवांग कुमार को डेब्यू का मौका दिया. इस खिलाड़ी के बारे में ज्यादा फैंस नहीं जानते हैं लेकिन आपको बता दें ये खिलाड़ी विकेट लेने में माहिर है और आने वाले वक्त में आईपीएल में इस नाम का डंका बज सकता है. ये बात हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इस खिलाड़ी के पास वो आर्ट है जो बहुत ही कम खिलाड़ी जानते हैं. शिवांग कुमार चाइनामैन गेंदबाज हैं, मतलब वो लेफ्ट आर्म से रिस्ट स्पिन फेंकते हैं. ठीक उसी तरह जैसे कुलदीप यादव हैं. मतलब शिवांग भी गेंद को बाहर और अंदर की ओर लेकर आते हैं और ये उन्हें किसी भी बल्लेबाज के लिए खतरनाक बनाता है.

कौन हैं शिवांग कुमार?

शिवांग कुमार यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले हैं, उम्र 23 साल है और वो मध्य प्रदेश की घरेलू टीम के लिए खेलते हैं. आईपीएल 2026 ऑक्शन में इस गेंदबाज को सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये में खरीदा था. शिवांग सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं बल्लेबाजी का भी दम रखते हैं. उनका टी20 स्ट्राइक रेट 140 से ज्यादा का है.

शिवांग कुमार का कमाल प्रदर्शन

शिवांग कुमार को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद में जगह मिली. विजय हजारे ट्रॉफी में इस खिलाड़ी ने 3 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए थे. कर्नाटक जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उन्होंने 45 रन देकर 5 विकेट झटक नाम क्माया था. इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 4 मैचों में 4 विकेट झटके थे. आर अश्विन ने भी इस खिलाड़ी को ऐसे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया था जिनपर आईपीएल 2026 में नजर रखनी चाहिए.

14 की उम्र में छोड़ दिया था क्रिकेट

शिवांग कुमार ने महज 14 साल की उम्र में क्रिकेट छोड़ दिया था. उनका अंडर 14 टीम में सेलेक्शन नहीं हुआ तो इस खिलाड़ी ने पांच महीने तक क्रिकेट नहीं खेला. लेकिन इसके बाद उनके भाई ने उन्हें एमएस धोनी की फिल्म देखने को कहा. फिल्म देखकर शिवांग धोनी के संघर्षों से प्रेरित होकर वापस लौटे.आज देखिए ये खिलाड़ी दुनिया की सबसे बड़ी लीग में खेल रहा है.