Shimron Hetmyer: शिमरॉन हेटमायर ने ठोका सबसे तेज अर्धशतक, 16 दिन में तोड़ा तूफानी रिकॉर्ड

Zimbabwe vs West Indies: वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर टी20 वर्ल्ड कप में अलग ही अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सुपर 8 के मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ महज 19 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया. हेटमायर का ये अर्धशतक एक रिकॉर्डतोड़ पारी है. वो टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. गजब की बात ये है कि हेटमायर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है.

हेटमायर ने सिर्फ 16 गेंदों में रिकॉर्ड ध्वस्त किया

शिमरॉन हेटमायर ने इसी टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 22 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. ये वेस्टइंडीज के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक था लेकिन महज 16 दिन बाद ही हेटमायर ने अपने इसी रिकॉर्ड को तोड़ दिया.

आते ही जिम्बाब्वे पर टूट पड़े हेटमायर

शिमरॉन हेटमायर ने क्रीज पर कदम तीसरे ओवर में रखा था. ब्रैंडन किंग महज 9 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद शिमरॉन हेटमायर ने आते ही पहली गेंद पर चौका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए. हेटमायर को जब जब मौका मिला उन्होंने हवा में गेंद उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. इस खिलाड़ी ने 5वें ओवर में लगातार तीन चौके मारे और 7वें और 8वें ओवर में मिलाकर इस खिलाड़ी ने लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए. हेटमायर ने छक्का लगाकर ही अपना अर्धशतक पूरा किया. इस खिलाड़ी ने अर्धशतक के दौरान ही पांच छक्के लगा दिए थे.

वैसे शिमरॉन हेटमायर को 9 रन के निजी स्कोर पर एक जीवनदान भी मिला था. जिम्बाब्वे के खिलाड़ी मुसीकीवा ने ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर इस खिलाड़ी का आसान कैच टपका दिया और इसके बाद हेटमायर ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की धुनाई कर दी.