Sanju Samson: 6,6,6,4…और संजू सैमसन ने मार दी अपने पैरों पर ही कुल्हाड़ी

T20 World Cup 2026: संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा के बीमार होने के बाद एक गोल्डन चांस मिला था. नामीबिया के खिलाफ ये खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन में शामिल हुआ लेकिन इस मौके को भी सैमसन ने गंवा दिया. संजू सैमसन नामीबिया के खिलाफ महज 22 रन बनाकर आउट हो गए. बड़ी बात ये है कि संजू सैमसन ने शुरुआत तूफानी की, उन्होंने अपने सभी रन बाउंड्री से बनाए लेकिन इसके बाद उन्होंने एक खराब शॉट खेलकर पवेलियन की राह पकड़ ली.

संजू सैमसन का खराब शॉट

संजू सैमसन ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर अपना खाता खोला. इसके बाद दूसरे ओवर में उन्होंने तेज गेंदबाज बेन शिकॉन्को के ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया और फिर इसी ओवर में पांचवीं गेंद पर वो एक आधा-अधूरा श़ट खेलकर आउट हो गए. सैमसन जिस गेंद पर आउट हुए वो उनके बल्ले के मिडिल पर लगी लेकिन उन्होंने जरा भी पावर नहीं लगाई, नतीजा मिड विकेट पर खड़े खिलाड़ी ने आसान कैच लपक लिया.

सैमसन के लिए था खास मैच

बता दें नामीबिया के खिलाफ ये मैच संजू सैमसन के लिए बेहद खास था क्योंकि वो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेल रहे थे. संजू सैमसन पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी. सैमसन ने 31 साल, 93 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू किया. वो टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज हैं. वैसे अमित मिश्रा के नाम ये रिकॉर्ड है जो 31 साल 217 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले थे.

पाकिस्तान के खिलाफ भी मिल सकता है मौका

वैसे संजू सैमसन को पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में भी मौका मिल सकता है. दरअसल अभिषेक शर्मा की तबीयत अबतक सही नहीं हुई है. नामाबिया के खिलाफ टॉस के बाद सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अभिषेक शर्मा अभी फिट नहीं हैं और वो अगले मैच से भी बाहर रह सकते हैं.