Sai Sudharsan: साई सुदर्शन ने लगातार 5 अर्धशतक ठोक रचा इतिहास, IPL में 7 साल बाद दिखा ऐसा ‘मैजिक’

Sai Sudharsan vs CSK: गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन ने एक बार फिर अपने बल्ले का दम दिखाया है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 84 रनों की पारी खेली. सुदर्शन ने अपनी इस पारी के दौरान ऑरेंज कैप की रेस में भी नंबर 1 पोजिशन हासिल कर ली. यही नहीं सुदर्शन ने ऐसा कमाल कर दिखाया जो आईपीएल में 7 सालों के बाद हुआ है. साई सुदर्शन ने अपनी पारी में 4 छक्के और 7 चौके लगाए, आइए आपको बताते हैं कि कैसे इस खिलाड़ी ने अपनी पारी से इतने बड़े मुकाम को हासिल किया.

साई सुदर्शन का धमाकेदार प्रदर्शन

साई सुदर्शन ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जैसे ही अर्धशतक लगाया वो आईपीएल 2026 में लगातार पांच फिफ्टी ठोकने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. यही नहीं पूरे 7 सालों के बाद आईपीएल में किसी बल्लेबाज ने लगातार पांच फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए हैं. सुदर्शन से पहले वीरेंद्र सहवाग ने साल 2012 में ये कमाल किया था. इसके बाद 2018 में जॉस बटलर, 2019 में डेविड वॉर्नर ने ये कमाल किया था. साई सुदर्शन ने इस सीजन पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ लगातार पांच अर्धशतक ठोके हैं.

सुदर्शन को आईपीएल में रन बनाने की आदत

साई सुदर्शन को आईपीएल में रनों की बारिश करने की आदत सी है. इस खिलाड़ी ने आईपीएल 2024 में 527 रन ठोके थे. आईपीएल 2025 में उनके बल्ले से 759 रन निकले और अब इस सीजन में ये खिलाड़ी 14 मैचों में 638 रन बना चुका है. सुदर्शन ने इस सीजन 1 शतक और 7 अर्धशतक लगा दिए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 160 के करीब है. सुदर्शन का बैटिंग एवरेज इस सीजन 49.07 का है.

गुजरात का विशाल स्कोर

साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर 125 रन जोड़े. सुदर्शन और गिल ने आईपीएल में 10वीं बार शतकीय साझेदारी की जो कि एक रिकॉर्ड है. इन दोनों की शतकीय साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस की टीम 229 रनों तक पहुंची. शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रन बनाए. जॉस बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रनों की पारी खेली.