SA vs NZ: साउथ अफ्रीका ने 42 महीने बाद किया बड़ा कमाल, न्यूजीलैंड के खिलाफ जीती T20 सीरीज

South Africa beat New Zealand: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज जीत ली है. उसने क्राइस्टचर्च में खेले आखिरी T20 को 33 रन से जीता और उसी के साथ 5 मैचों की सीरीज को अपने नाम किया. साउथ अफ्रीका ने 3-2 से T20 सीरीज अपने नाम की. न्यूजीलैंड में T20 सीरीज जीतने के साथ ही साउथ अफ्रीका ने 42 महीने से चले आ रहे एक सिलसिले का भी अंत किया. दरअसल, ये घर से बाहर अगस्त 2022 के बाद साउथ अफ्रीका की पहली T20 सीरीज जीत है.

साउथ अफ्रीका की जीत

साउथ अफ्रीका ने 5वें T20I में न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 188 रन का लक्ष्य रखा था. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 154 रन ही बना सकी. न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 36 रन बेवॉन जैकब्स ने बनाए.लेकिन साउथ अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के आगे वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. तेज गेंदबाज गेराल्ड कॉत्जिया ने 4 ओवर में महज 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए. वियान मुल्डर ने भी 28 रन देकर 2 विकेट झटके. बार्टमैन को भी 2 कामयाबियां हासिल हुई. वहीं कप्तान केशव महाराज ने एक विकेट अपने नाम किया.

साउथ अफ्रीका की जीत के हीरो कोनोर एस्टरहुइजेन रहे. साउथ अफ्रीका के इस विकेटकीपर ने 33 गेंदों में 75 रन बनाए. इस खिलाड़ी ने 6 छक्के लगाए और 5 चौके जड़े. रुबिन हरमन ने 39 रनों की पारी खेली. वियान मुल्डर ने 29 गेंदों में 31 रन बनाए. डियान फॉरेस्टर ने 13 गेंदों में 21 रन बनाए.

कोनोर एस्टरहुइजेन कमाल

साउथ अफ्रीका के नए विकेटकीपर एस्टरहुइजेन ने सीरीज में सबसे ज्यादा 200 रन बनाए. इस खिलाड़ी का औसत 50 का रहा. आप ये सोचिए उनके बाद सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड के डेवॉन कॉन्वे ने बनाए, उन्होंने 100 ही रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में कोट्जिया जीत के हीरो रहे, जिन्होंने 5 मैचों में 8 विकेट चटकाए. इस खिलाड़ी का इकॉनमी रेट 6.2 रन प्रति ओवर रहा. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज बेन सीयर्स ने भी 8 विकेट झटके. बार्टमैन और केशव महाराज को 7-7 विकेट हासिल हुए.