SA vs BAN 2nd Test: दूसरे टेस्ट मैच से पहले बांग्लादेश को लगा दूसरा बड़ा झटका, अनुभवी बल्लेबाज चोट के चलते हुआ बाहर

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शनिवार को पुष्टि की कि बांग्लादेश के बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

दूसरा टेस्ट 23 नवंबर से सेंचुरियन में शुरू होना है। BCB की ओर से जारी एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, मुशफिकुर को पहले टेस्ट के दौरान ग्रोइन में चोट लग गई थी और उन्होंने अपने बाएं ग्रोइन वाले हिस्से में तेज दर्द की शिकायत की थी।

मैच के बाद, बल्लेबाज का MRI स्कैन कराया गया, जिसमें बोनी पेल्विस (कूल्हे की हड्डी) के आसपास सूजन और जलन की पुष्टि हुई। राष्ट्रीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा कि चोट को ठीक करने और इसे और अधिक गंभीर होने से रोकने के लिए मुशफिकुर को तुरंत आराम और विशेष रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) की जरूरत है।

खान ने कहा, पहले टेस्ट मैच के दौरान मुशफिकुर ने बाएं ग्रोइन वाले हिस्से में तेज दर्द की शिकायत की थी। टेस्ट के बाद उनका MRI स्कैन कराया गया, जिसके नतीजों में बोनी पेल्विस के आसपास कुछ सूजन और जलन की पुष्टि हुई है। चोट को संभालने और इसे और बिगड़ने से रोकने के लिए उन्हें तुरंत आराम और विशेष रिहैबिलिटेशन की जरूरत है, इसलिए वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

इससे पहले, क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद भी दाहिनी कोहनी में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका से स्वदेश लौट रहे हैं। वह दूसरे टेस्ट और मौजूदा दौरे के बाकी वाइट-बॉल मैचों (वनडे और टी20) में नहीं खेल पाएंगे। महमूद की चोट के कारण जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में उनकी भूमिका सीमित हो गई थी, जहां उन्होंने 118 रन देकर चार विकेट लिए थे।

बांग्लादेश के इस तेज गेंदबाज ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में 30.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। तीसरे दिन सुबह वह अपनी दाहिनी कोहनी पर भारी पट्टी बांधकर वापस लौटे, लेकिन दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं की। क्योंकि दक्षिण अफ्रीका को 12 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए केवल 9 गेंद की जरूरत थी।

दूसरा टेस्ट सोमवार से सेंचुरियन में शुरू होना है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश ने अभी तक चोटिल तेज गेंदबाज के विकल्प की घोषणा नहीं की है। महमूद की अनुपस्थिति के कारण वह दक्षिण अफ्रीका में बांग्लादेश के सीमित ओवरों के मैचों में भी नहीं खेल पाएंगे। टेस्ट सीरीज के बाद तीन वनडे इंटरनेशनल (ODI) मैच होंगे, जो 1 से 7 दिसंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद 10 से 13 दिसंबर तक तीन मैचों की T20I सीरीज होगी।

Leave a Comment