साइमन हार्मर के फाइफर के दम पर साउथ अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 111 रन पर ढेर कर 176 रन से मुकाबला जीत लिया। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने 3 मैच की टेस्ट सीरीज 2-1 से जीत ली।
इस जीत के साथ ही टेस्ट में बावुमा की टीम नंबर वन भी बन गई है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 288 रन की दरकार थी, लेकिन पहले कगिसो रबाडा और फिर बाद में हार्मर की गेंदबाजी के सामने पूरी ऑस्ट्रेलिया टीम लाचार नजर आई। एक वक्त ऑस्ट्रेलिया की टीम 42 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन पुछल्ले बल्लेबाजों ने लगभग 40 ओवर तक संघर्ष किया। आखिरी विकेट के तौर पर जोश हेजलवुड आउट हुए जिन्हें हार्मर ने क्लीन बोल्ड किया। हार्मर ने इस मुकाबले में कुल 9 विकेट चटकाए। हार्मर के अलावा कगिसो रबाडा ने 4 विकेट चटकाए।
288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रबाडा ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लिए। उन्होंने पहले मैथ्यू रेनशॉ को बिना खाता खोले आउट किया और फिर मार्नस लाबुशेन को चार रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। दाएं हाथ के पेसर ने वापसी करते हुए ट्रैविस हेड को 14 रन पर आउट किया, जिससे उनका 350वां टेस्ट विकेट पूरा हुआ और ऑस्ट्रेलिया 20/3 पर मुश्किल स्थिति में आ गया।
ऑस्ट्रेलिया को एक और झटका तब लगा जब जोश इंग्लिस कैमरन ग्रीन के साथ हुई गड़बड़ी के कारण चार रन पर रन आउट हो गए, जिससे 15.3 ओवर के बाद मेहमान टीम का स्कोर 40/4 हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। 9वें विकेट के लिए पैट कमिंस और नाथन लियोन ने 45 रन की साझेदारी कर कुछ देर तक हार टालने की कोशिश जरूर की, लेकिन कमिंस के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में सर्वाधिक नाथन लियोन ने खेली जो 33 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 329 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 429 रन बनाकर पहली पारी में 100 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी इनिंग में ज़बरदस्त वापसी करते हुए 387 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को 288 रन का टारगेट दिया। रियान रिकेल्टन ने 101 रन बनाए, जबकि वियान मुल्डर ने 115 रन बनाए, और इन दोनों ने मेज़बान टीम के लिए मैच पलटने में अहम रोल निभाया।