साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और आखिरी वनडे 30 सितंबर को खेला जाना है. लेकिन उससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए खबर अच्छी नहीं है. इसके पीछे की वजह है उसके एक खिलाड़ी का दौरा बीच में ही छोड़कर वापस घर लौटना.
वहीं एक तेज गेंदबाज का तीसरे वनडे से पहले टीम से बाहर होना. कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलिया को डबल झटका लगा है.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस बाहर हो गए हैं. एलिस को दूसरे वनडे के दौरान इंजरी हुई थी. दूसरे वनडे में 4 ओवर फेंकने के बाद उन्होंने फिर गेंदबाजी नहीं की थी.

ऑस्ट्रेलिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर जोएल डेविस दौरा बीच में ही छोड़कर घर वापस लौट गए हैं. उन्हें जोहानिसबर्ग में दूसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते हुए इंजरी हुई थी. जोएल डेविस अब आगे की जांच और रिहैब के लिए घर लौटे हैं.

जोएल डेविस की घर वापसी अगले महीने घर में खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिहाज से भी अहम फैसला माना जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया को 13 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलनी है, जिसके लिए जोएल डेविस का पूरी तरह से फिट होना जरूरी है.

नाथन एलिस के चोटिल होकर टीम से बाहर होने का मतलब है कि तीसरे वनडे में विकल्प के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के पास अब सिर्फ 4 फिट तेज गेंदबाज होंगे. तीसरे वनडे में पैट कमिंस की वापसी की उम्मीद है.