RR vs CSK: सिर्फ 1 बॉल खेलकर पूरे मैच से बाहर, वैभव सूर्यवंशी के सामने उनके दोस्त का बुरा हाल

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत मैदान पर उतरने से पहले ही खराब रही थी और जब टीम अपना पहला मैच खेलने उतरी तो वहां भी हाल बेहद खराब रहा. इस सीजन के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों को राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाजों ने दहला दिया. एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस की गैरहाजिरी में टीम के बाकी बल्लेबाज भी बुरी तरह फेल रहे. मगर इसमें भी टीम के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के लिए तो ये मैच ज्यादा ही बेकार रहा क्योंकि वो सिर्फ एक गेंद खेलकर पूरे मैच से ही बाहर हो गए.

गुवाहाटी में सोमवार 30 मार्च को आईपीएल 2026 के तीसरे मैच में राजस्थान और चेन्नई की टक्कर हुई. इस मैच में राजस्थान ने पहले बॉलिंग चुनी और टीम के नए कप्तान रियान पराग का ये फैसला एकदम सही साबित हुआ. इसे सही बनाया उनके विदेशी तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने. नांद्रे बर्गर ने जहां संजू सैमसन को आउट किया, तो वहीं जोफ्रा आर्चर ने टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौटा दिया.

खराब शुरुआत के बाद CSK को अपने युवा सितारे आयुष म्हात्रे से उम्मीद थी, जिनकी कप्तानी में भारत ने फरवरी में ही अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. इसी मैच में आयुष के दोस्त वैभव सूर्यवंशी भी खेल रहे थे, जो राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं. हालांकि वैभव के कमाल दिखाने से पहले नजरें म्हात्रे पर ही थीं. पिछले सीजन में ही म्हात्रे ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू किया ता और अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था. मगर नए सीजन की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही. चौथे ओवर में नांद्रे बर्गर ने इस युवा बल्लेबाज को आउट कर दिया. म्हात्रे अपना खाता भी नहीं खोल सके और सिर्फ एक गेंद खेलकर पवेलियन लौट गए.

मगर इसके बाद जो हुआ, उसने तो म्हात्रे के लिए मैच ही खत्म कर दिया. असल में आयुष म्हात्रे के आउट होते ही सिर्फ 19 रन पर ही चेन्नई के 3 विकेट गिर गए थे. ऐसे में CSK को अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए एक बल्लेबाज को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारना पड़ा. इसके लिए टीम ने सरफराज खान को चुना और उनको आयुष म्हात्रे से रिप्लेस कर दिया. अब इम्पैक्ट प्लेयर के नियमों के मुताबिक, जिस खिलाड़ी को प्लेइंग-11 से बाहर किया जाता है वो मैच में दोबारा कोई भूमिका नहीं निभा पाता. ऐसे में म्हात्रे इस सब्स्टीट्यूशन के साथ ही मैच से बाहर हो गए.