RR vs CSK: तेज गेंदबाजों के बाद वैभव सूर्यवंशी ने उड़ाई धज्जियां, राजस्थान ने चेन्नई को रौंदा

RR beat CSK, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 सीजन का आगाज ऐसी धमाकेदार जीत के साथ किया है, जो बाकी टीमों को डरा दे. गुवाहाटी में खेले गए अपने पहले मैच में ही राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हरा दिया. नए कप्तान रियान पराग के नेतृत्व में राजस्थान के तेज गेंदबाजों ने चेन्नई को सिर्फ 127 रन पर ढेर कर दिया. इसके बाद युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी के 15 गेंदों वाले अर्धशतक के दम पर राजस्थान ने सिर्फ 13 ओवर के अंदर ही ये लक्ष्य हासिल करते हुए बड़ी जीत दर्ज की.

बर्गर-आर्चर के कहर से कांपी CSK

सोमवार 30 मार्च को खेले गए आईपीएल 2026 के इस तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स पूरी तरह हावी रही. राजस्थान के नए कप्तान रियान पराग ने अपने घरेलू मैदान गुवाहाटी में जो फैसले लिए, वो पूरी तरह सही साबित हुए. टॉस जीतकर पहले बॉलिंग लेकर उन्होंने CSK के टॉप ऑर्डर को पस्त कर दिया. नांद्रे बर्गर (2/26) और जोफ्रा आर्चर (2/19) ने मिलकर चेन्नई के टॉप ऑर्डर को दहला दिया, जिससे टीम उबर नहीं सकी. टी20 वर्ल्ड कप में हिट रहे संजू सैमसन अपनी पुरानी टीम के खिलाफ कुछ कमाल नहीं कर सके और चेन्नई के लिए अपने डेब्यू मैच में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए.

CSK ने सिर्फ 51 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जबकि 94 रन तक 9 विकेट गिर गए थे. टीम का 100 रन बनाना भी मुश्किल लग रहा था लेकिन जेमी ओवर्टन ने 43 रन की अहम पारी खेलकर टीम को इस शर्मिंदगी से बचाया. पिछले सीजन तक CSK का हिस्सा रहे दिग्गज ऑलराउंडर ने भी 2 विकेट लेकर चेन्नई का ऐसा हश्र करने में बड़ी भूमिका निभाई.

वैभव ने अकेले ही उड़ा दी धज्जियां

इसके बाद तो सिर्फ वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग का इंतजार था कि वो कितने देर में टीम को लक्ष्य तक पहुंचाते हैं. हालांकि, ये सारी उम्मीदें पहले ओवर में ही धराशायी हो जातीं, अगर कार्तिक शर्मा ने कैच लपक लिया होता. अपनी पहली गेंद का सामना कर रहे वैभव ने ऊंचा शॉट खेला लेकिन कार्तिक कैच नहीं लपक पाए. इसके बाद वैभव ने दूसरा मौका अर्धशतक पूरा करने के बाद ही दिया, जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों का सामना किया. वैभव (52 रन, 17 गेंद, 4 चौके, 5 छक्के) के अलावा स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल (38) ने सधी हुई पारी खेलकर टीम को 12.1 ओवर में ही जीत दिला दी.

राजस्थान ने की बराबरी

इस जीत के साथ ही राजस्थान ने चेन्नई के खिलाफ जीत के आंकड़े को बराबरी पर पहुंचा दिया है. दोनों टीमों के बीच 32 मैच हुए हैं और ये रिकॉर्ड 16-16 से बराबर हो गया है. इतना ही नहीं, राजस्थान ने पिछले सीजन से अब तक लगातार तीसरे मैच में चेन्नई को हराया है. वहीं 2022 से अब तक दोनों के बीच खेले गए 7 में से 6 मैच राजस्थान ने ही जीते हैं. चेन्नई को इकलौती जीत 2024 में मिली थी.