Rishabh Pant: ऋषभ पंत के नाम हुआ सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड, WTC इतिहास में बने नंबर-1

क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के शुरुआती 2 दिन टीम इंडिया के लिए अच्छे नहीं रहे. भारतीय खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े. जब बल्लेबाजी की बारी आई तो आसानी से अपने विकेट दे दिए.

स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को भी दोनों ही मोर्चों पर निराशा मिली. उन्होंने एक कैच ड्रॉप किया और फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. हालांकि अपनी छोटी सी पारी के दौरान ऋषभ पंत ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. पंत अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

ज्यादा देर नहीं टिके लेकिन बनाया रिकॉर्ड

हेगले ओवल स्टेडियम में चल रहे इस मैच के दूसरे दिन शनिवार 28 नवंबर को ऋषभ पंत ने ये उपलब्धि हासिल की. दिन के दूसरे सेशन में न्यूजीलैंड की पहली पारी खत्म हुई और भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी. मगर सेशन खत्म होने तक ही टीम इंडिया ने सिर्फ 59 रन तक 3 विकेट गंवा दिए. यशस्वी जायसवाल खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 21 रन बनाए. कप्तान शुभमन गिल सेशन की आखिरी ओवर में 17 रन बनाकर आउट हुए सके.

फिर शुरू हुआ तीसरा सेशन और इसकी शुरुआत ही ऋषभ पंत के क्रीज पर उतरने के साथ हुई. पंत ने पहली गेंद पर ही आगे बढ़कर छक्का लगाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे. हालांकि इसके बाद उन्होंने काफी देर तक ऐसा शॉट नहीं खेला. एक बार आंखें जमने के बाद पंत ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर फिर आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की. इस बार वो छक्का मारने में सफल रहे. इसके साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड भी बना लिया. हालांकि पंत सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हो गए.

ऋषभ पंत के पीछे कौन-कौन?

ये WTC इतिहास में ऋषभ पंत का 89वां छक्का था. इस तरह उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया. पंत ने WTC के 44 मैच की 76 पारियों में 89 छक्के लगाए हैं. वहीं स्टोक्स ने इस टूर्नामेंट के 64 मैचों की 117 पारियों में 88 छक्के लगाए थे. इस लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है. पंत और स्टोक्स के बाद लिस्ट में रोहित शर्मा 56 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. उनके बाद शुभमन गिल (48) और यशस्वी जायसवाल (45) मौजूद हैं.

Leave a Comment