IPL 2026 जब शुरू होगा तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू वो टीम होगी, जिसपर सबसे अधिक दबाव होगा, क्योंकि वो गत चैंपियन है और किसी भी खेल में ट्रॉफी को सफलतापूर्वक डिफेंड करना सबसे मुश्किल काम होता है.
रजत पाटीदार की कप्तानी में बेंगलुरू की टीम लगातार दूसरी बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी. उसका पहला मैच 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ होना है. यहां उन 3 खिलाड़ियों पर नजर डालिए जो इस बार आरसीबी के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं.
विराट कोहली
सबसे पहला और बड़ा नाम विराट कोहली का ही है, जिन्हें इस दौर का सर्वगुण संपन्न बल्लेबाज कहना गलत नहीं. वो किसी भी परिस्थिति से मैच निकालना जानते हैं, फिर चाहे वो ओपनिंग में तेज शुरुआत दिलाने की बात हो, मिडिल ओवरों में स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाने की या डेथ ओवरों में मैच फिनिश करने की.
IPL 2025 में उन्होंने आठ अर्धशतकीय पारियों समेत 657 रन बनाए थे. अपने पूरे करियर में 8,661 रन बना चुके हैं और वो फिर से 2016 वाला प्रदर्शन दोहराने की काबिलियत रखते हैं, जब उन्होंने 973 रन बना डाले थे. यह आज भी किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है.
फिल साल्ट
इंग्लैंड के तूफानी ओपनिंग बल्लेबाज फिल साल्ट ने IPL 2025 में बतौर ओपनर दमदार खेल दिखाया था. उन्होंने पूरे सीजन में 13 मैचों में 403 रन बनाए थे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट उनके लिए अच्छा नहीं गुजरा, लेकिन आईपीएल में आकर साल्ट का बल्ला खूब गरजने लगता है. ये वही साल्ट हैं जिन्होंने IPL 2025 के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स के खिलाफ 27 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाकर बेंगलुरू को सीधे फाइनल में पहुंचाया था.
वेंकटेश अय्यर
वेंकटेश अय्यर पर भी सबकी नजरें टिकी होंगी जो अपने IPL करियर में पहली बार KKR से किसी दूसरी टीम के लिए खेल रहे होंगे. बेंगलुरू टीम ने मिनी ऑक्शन में अय्यर को 7 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था. आरसीबी की टीम को देखते हुए अय्यर को मिडिल ऑर्डर में ही कोई भूमिका दी जाएगी. अय्यर अपने 62 मैचों के आईपीएल करियर में 1,468 रन बना चुके हैं और इस बार RCB के लिए बहुत बड़ा एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं.