रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 सीजन की शानदार शुरुआत को जारी रखते हुए लगातार दूसरी मैच जीत लिया. रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु ने एक बार फिर दिखाया कि क्यों वो मौजूदा चैंपियन है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सीजन के अपने दूसरे मैच में RCB ने टिम डेविड समेत सभी बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों के दम पर 250 रन बनाए, जो इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर है. इसके बाद जैकब डफी और भुवनेश्वर कुमार समेत गेंदबाजों ने भी उतना ही जोरदा प्रदर्शन किया और चेन्नई को 207 रन पर आउट कर 43 रन से जीत दर्ज कर ली.
अपने होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी में पिछले सीजन शुरुआत के तीनों मैच हारने वाली बेंगलुरु ने इस बार दोनों ही मैच जीत लिए. नए सीजन की शुरुआत सनराइजर्स के खिलाफ 200 रन से ज्यादा के सफल चेज के साथ करने के बाद बेंगलुरु ने रविवार 5 अप्रैल को चेन्नई को भी अपनी बल्लेबाजी की ताकत से ध्वस्त कर दिया. शुरुआती 3 ओवर में एक भी बाउंड्री न लगाने वाली RCB ने मैच का अंत 19 छक्के और 14 चौकों के साथ किया.
टीम के लिए विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने धीमी शुरुआत के बाद चौथे ओवर से रंग दिखाने शुरू किए. एक छोटी लेकिन तेज पारी खेलकर कोहली आउट हुए तो सॉल्ट ने मोर्चा संभालकर स्कोर को रफ्तार दी. इन दोनों के बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे देवदत्त पडिक्कल ने चेन्नई पर अटैक करते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया और टीम को 150 रन के पार पहुंचाया. मगर असली खेल कप्तान पाटीदार और टिम डेविड ने किया. दोनों ने मिलकर आखिरी 5 ओवर में 97 रन कूटे, जिसमें 25 गेंदों में 70 रन डेविड के बल्ले से निकले. उन्होंने 30 रन तो 19वें ओवर में ही लूट लिए और अपनी पारी में कुल 8 छक्के और 3 चौके जमाए. वहीं पाटीदार ने भी 19 गेंदों में ही नाबाद 48 रन कूट दिए.
(खबर अपडेट हो रही है)