Ranji Trophy: मोहम्मद शमी का BCCI को करारा जवाब, झटके इतने विकेट, लेकिन सिराज रहे फ्लॉप

Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आगाज हो गया है, इस टूर्नामेंट के पहले दिन कई खिलाड़ियों की ओर से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. ग्रुप-सी मुकाबले में भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी धारदार स्विंग और सीम का ऐसा मुजाहिरा पेश किया कि विपक्षी खेमे में खलबली मच गई. दिल्ली के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले के पहले ही दिन बंगाल की ओर से गेंदबाजी करते हुए 36 साल के शमी ने 4 विकेट चटकाकर अपनी फॉर्म और फिटनेस का जोरदार ऐलान किया.

शमी की इस गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए दिल्ली की पूरी टीम को 240 रनों पर ढेर कर दिया.

9 मेडन और 4 विकेट, शमी का कातिलाना स्पेल

इस मुकाबले में बंगाल ने टॉस जीतकर हरी-भरी परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे शमी और उनके जोड़ीदारों ने बिल्कुल सही साबित किया. मोहम्मद शमी ने काफी किफायती और आक्रामक स्पेल डालते हुए 17.3 ओवर में 9 मेडन फेंके और सिर्फ 30 रन देकर 4 विकेट अपनी झोली में डाले. शमी ने दिल्ली के टॉप और मिडिल ऑर्डर के अहम बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. उन्होंने यश ढुल, आयुष दोसेजा, ऋतिक शौकीन और दिविज मेहरा को पवेलियन का रास्ता दिखाया.

इसमें ऋतिक शौकीन का विकेट काफी अहम रहा. दिल्ली के लिए ऋतिक शौकीन ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए, लेकिन शमी की ऑफ-स्टंप के बाहर लगातार स्विंग होती गेंदों ने उन्हें टिकने नहीं दिया. शमी के साथ बंगाल के बाकी तेज गेंदबाजों ने भी सुबह के सेशन में दिल्ली के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. आकाश दीप ने सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान को अंदर आती गेंद पर बोल्ड कर पहला झटका दिया और दिन का अंत 2 विकेट के साथ किया. मुकेश कुमार ने कसी हुई लाइन से दबाव बनाते हुए 43 रन देकर 1 विकेट लिया. इनके अलावा ऑफ स्पिनर आमिर गनी ने पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए 45 रन देकर 3 सफलताएं हासिल कीं.

मोहम्मद सिराज रहे खाली हाथ

दूसरी ओर, ग्रुप-बी के मुकाबले में भारतीय टेस्ट टीम के अहम पेसर मोहम्मद सिराज के लिए दिन निराशाजनक रहा. हैदराबाद की ओर से खेलते हुए वो त्रिपुरा के खिलाफ विकेटों के लिए तरसते नजर आए. एक तरफ जहां मोहम्मद शमी ने गेंद से कहर बरपाया, वहीं मोहम्मद सिराज कोई खास असर नहीं छोड़ सके. हैदराबाद और त्रिपुरा के बीच इस मैच में हैदराबाद की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए त्रिपुरा को 134 रनों पर समेट दिया. टीम के सस्ते में आउट होने के बावजूद सिराज को एक भी सफलता नहीं मिली. सिराज ने कुल 9 ओवर फेंके और 25 रन खर्च किए, लेकिन वे एक भी विकेट नहीं निकाल सके.

Leave a Comment