Ranji Trophy Final: J&K के कप्तान को Live मैच में आया गुस्सा, कर्नाटक के खिलाड़ी को सिर से मारी टक्कर, Video

कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी फाइनल में सिर्फ गेंद और बल्ले के बीच ही कड़ी टक्कर नहीं दिख रही, बल्कि खिलाड़ियों के बीच भी गरमा-गर्मी देखने को मिल रही है. पहली बार रणजी ट्रॉफी का फाइनल खेल रही जम्मू-कश्मीर ने इस मुकाबले में दमदार शुरुआत करते हुए पहले दिन ही बड़े स्कोर की नींव रख दी थी. मगर दूसरे दिन जब टीम अपनी पारी को आगे बढ़ा रही थी, तब उसके कप्तान पारस डोगरा एक झगड़े में उलझ गए और उन्होंने कर्नाटक के फील्डर को सिर से टक्कर मारकर सबको चौंका दिया.

कर्नाटक के हुबली में खेले जा रहे इस फाइनल के दूसरे दिन बुधवार 25 फरवरी को जम्मू कश्मीर ने अपनी पहली पारी को 282 रन के स्कोर से आगे बढ़ाना शुरू किया. पहले सेशन में हालांकि टीम ने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद टीम के कप्तान पारस डोगरा क्रीज पर उतरे. हाल ही में रणजी ट्रॉफी में 10000 रन पूरे करने वाले डोगरा मैच के पहले दिन ही हाथ में लगी चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए थे. मगर दूसरे दिन वो ठीक होकर लौटे और अपनी पारी को आगे बढ़ाया.

फिर आया पारी का 101वां ओवर, जिसमें पारा चढ़ गया. प्रसिद्ध कृष्णा के इस ओवर की एक गेंद पर डोगरा के बल्ले का किनारा लेकर गेंद 4 रन के लिए चली गई. जहां सबका ध्यान बॉल पर था, वहीं पारस डोगरा गुस्से में तमतमाते हुए सीधे कर्नाटक के सब्सटिट्यूट फील्डर केवी अवनीश की ओर बढ़ गए, जो सिली पॉइंट पर तैनात थे. दोनों के बीच हल्की कहासुनी हुई और लंबे कद के डोगरा ने सीधे अपना सिर अवनीश के सिर पर मार दिया. दोनों ही खिलाड़ियों ने इस दौरान हेल्मेट पहना हुआ था.

डोगरा की इस हरकत ने कर्नाटक के फील्डर को हैरान कर दिया और वो अपने कप्तान की ओर देखने लगा. इतने में ही कर्नाटक के सीनियर खिलाड़ी मयंक अग्रवाल भी गुस्से में वहां पहुंच गए और अपने साथी को बचाने के लिए डोगरा के सामने खड़े हो गए. वो गुस्से में डोगरा से उनकी इस हरकत पर सवाल करने लगे. इसी वक्त अंपायर भी वहां पहुंच गए और दोनों उन्होंने माहौल को ठंडा करने की कोशिश की.

अब डोगरा को गुस्सा क्यों आया, इसकी सही वजह तो फिलहाल सामने नहीं आई लेकिन माना जा रहा है कि अवनीश लगातार स्लेजिंग किए जा रहे थे, जिससे डोगरा को बैटिंग के दौरान परेशानी हो रही थी. हालांकि, कुछ देर में हालात सामान्य हुए और ओवर खत्म होने के बाद डोगरा अपनी हरकत के लिए हाथ उठाकर कर्नाटक के फील्डर से माफी मांगते भी नजर आए. मगर यहां से कर्नाटक के अन्य खिलाड़ियों ने भी स्लेजिंग शुरू कर दी.