Ranji Trophy: केएल राहुल को पहली बार मिलती ये सफलता, मगर फाइनल के आखिरी दिन हुई ये गलती

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में एक अनोखा और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. हुबली के केएससीए क्रिकेट ग्राउंड में कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेले गए इस फाइनल मुकाबले के पांचवें और आखिरी दिन भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. केएल राहुल इस मुकाबले ने बतौर बल्लेबाज तो कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन दूसरी पारी के दौरान ऐसा कुछ किया, जो फैंस को इससे पहले साल 2015 में देखने को मिला था.

केएल राहुल ने 11 साल बाद किया ऐसा

जम्मू-कश्मीर की टीम इस मैच में पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने में कामयाब रही, जिसने उसकी जीत भी पक्की कर दी . वहीं, जम्मू-कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में भी 300 रन का आंकड़ा आसानी से पार कर लिया और 600 रन से ज्यादा की लीड ले ली. ऐसे में इस मुकाबला का नतीजा नहीं निकल सका और पहली पारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर की जीत तय हो गई, जिसके चलते खेल के आखिरी दिन केएल राहुल ने गेंदबाजी में हाथ आजमाया.

राहुल, जो बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने मैच के आखिरी दिन गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया. जब मैच हाथ से निकल चुका था और टीम के मुख्य गेंदबाज कोई भी सफलता हासिल नहीं कर पा रहे थे, तब मुकाबला खत्म होने से पहले कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने राहुल को गेंद थमाई. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ने यहां अपनी स्पिन गेंदबाजी से फैंस को कुछ एंटरटेन किया. यहां तक कि वो एक विकेट लेने के करीब भी दिखे लेकिन ऐसा नहीं हो सका.

विकेट से चूक गए राहुल

उन्होंने पारी के 81वें और 83वें ओवर डाले. पहले ओवर में उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए, लेकिन दूसरे ओवर में कुछ बाउंड्री लगने के बाद उन्हें अटैक से हटा लिया गया. कुल मिलाकर उनके 2 ओवर में 15 रन बने और कोई विकेट नहीं मिला. एक मौके पर साहिल लोत्रा के खिलाफ उन्होंने एज लिया, लेकिन स्लिप में मयंक अग्रवाल ने कैच छोड़ दिया. बता दें, केएल राहुल ने 11 साल के बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गेंदबाजी की, इससे पहले ये नजारा साल 2015 में देखने को मिला था. अपने करियर में राहुल को एक भी फर्स्ट क्लास विकेट नहीं मिला है और वो पहली बार विकेट लेने के करीब थे लेकिन ऐसा मयंक की गलती से ऐसा नहीं हो सका.

कर्नाटक की टीम को मिली हार

ये मुकाबला कर्नाटक की टीम के लिए कुछ खास नहीं रहा. जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे, जबकि कर्नाटक की पहली पारी 293 पर सिमट गई. केएल राहुल बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 39 गेंदों पर 13 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए. जिसके चलते टीम को पहली पारी के आधार पर हार का सामना करना पड़ा.