Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के से ठीक पहले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सेलेक्टर्स ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है. भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले पहले रणजी मुकाबले के लिए 16 सदस्यीय मुंबई टीम में जगह नहीं मिली है.
चौंकाने वाली बात यह है कि एमसीए ने पहले खुद सूर्या से संपर्क करके रणजी खेलने को लेकर उनकी रुचि पूछी थी. सूर्या की ओर से उपलब्धता की पुष्टि करने के बावजूद सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया है. 42 बार की चैंपियन मुंबई की टीम 11 अक्टूबर से वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी.
पहले मांगी थी रजामंदी, फिर क्यों किया बाहर?
सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह ना मिलने के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया है. हालांकि, इस विवाद पर मुंबई के चीफ सिलेक्टर राजेश पवार ने सफाई भी दी है. उन्होंने कहा, ‘हम कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहते थे. ऐसा बिल्कुल नहीं है कि हम भविष्य में रणजी ट्रॉफी के लिए सूर्यकुमार यादव के नाम पर विचार नहीं करेंगे. लेकिन उन्होंने पिछले एक साल से रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए उन्हें पहले कुछ रेड-बॉल मुकाबले खेलने होंगे.’
चीफ सिलेक्टर के इस तर्क के बाद क्रिकेट गलियारों में बहस छिड़ गई है कि क्या टीम सेलेक्शन से पहले सूर्या को इस नीति की जानकारी दी गई थी या नहीं. वहीं, इस पूरे ड्रामे पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब सेलेक्टर्स को युवाओं को प्राथमिकता देनी थी, तो पहले सूर्यकुमार से उपलब्धता क्यों मांगी गई?
आयुष म्हात्रे को उपकप्तानी की जिम्मेदारी
मुंबई की टीम सिद्धेश लाड की कप्तानी में खेलने वाली है. वहीं, इस साल भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले युवा सनसनी आयुष म्हात्रे को मुंबई का उपकप्तान बनाया गया है. इनके अलावा भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है. इरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से खेलने वाले सरफराज खान और इंडिया ए के स्टार ऑलराउंडर शम्स मुलानी भी टीम का हिस्सा हैं.
पहले मैच के लिए 16 सदस्यीय मुंबई स्क्वॉड
सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उपकप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, ओंकार तरमाले.