Ranji Trophy: तुषार देशपांडे ने हैट्रिक के बाद खोला पंजा, 78 रन पर ढेर चंडीगढ़; मुंबई ने दिया फॉलोऑन

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले राउंड में दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। एलीट ग्रुप डी के मुकाबले में मुंबई का सामना चंडीगढ़ की टीम से हो रहा है। पहली पारी में मुंबई ने 429 रन बनाए थे।

जवाब में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में 78 रन पर ही ढेर हो गई और फॉलोऑन भी नहीं बचा सकी। मुंबई के लिए गेंदबाजी में तुषार देशपांडे ने पहले हैट्रिक ली और फिर पंजा खोला।

तुषार देशपांडे ने 7 ओवर गेंदबाजी की और एक मेडन ओवर के साथ 17 रन देकर पांच विकेट झटके। इसमें उनकी हैट्रिक भी शामिल थी। तुषार ने चंडीगढ़ की पारी के 11वें ओवर में अर्जुन आजाद, शिवम भांबरी और दीपेंदर कुश को लगातार एक के बाद पवेलियन भेजा और हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा मोहित अवस्थी ने 3 और सिल्वेस्टर डिसूजा ने 2 विकेट लिए।

मुंबई के लिए हैट्रिक लेने वाले छठे गेंदबाज बने तुषार देशपांडे

मुंबई के लिए यह किसी गेंदबाज की रणजी ट्रॉफी में छठी हैट्रिक है। वहीं तुषार ने पहली बार रणजी ट्रॉफी में यह कमाल किया है। ओवरऑल रणजी ट्रॉफी इतिहास की यह 86वीं हैट्रिक है। पहली बार इस टूर्नामेंट में हैट्रिक 1934-35 में बाका जिलानी ने ली थी। मुंबई की टीम के लिए आखिरी हैट्रिक इससे पहले 2024-25 में शार्दुल ठाकुर ने ली थी।

मुंबई बनाम चंडीगढ़ मैच में अब तक क्या-क्या हुआ?

मुंबई और चंडीगढ़ के मैच में पहले खेलते हुए मुंबई की टीम ने 136.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 429 रन बनाए। मुंबई के लिए बल्लेबाजी में कप्तान सिद्देश लाड ने 86, मुशीर खान ने 65, तनुष कोटियान 58 और मोहित अवस्थी ने नाबाद 54 रन बनाए। गेंदबाजी में चंडीगढ़ के लिए रोहित ढांडा और राज बावा ने 4-4 विकेट लिए थे। जवाब में चंडीगढ़ की टीम 19.1 ओवर तक ही क्रीज पर टिकी और 78 रन पर ढेर हो गई।

इस तरह मुंबई को पहली पारी के आधार पर 351 रन की बढ़त मिली और उसने चंडीगढ़ को फॉलोऑन दिया। दूसरे दिन के अंत तक चंडीगढ़ की फॉलोऑन में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरी पारी में चंडीगढ़ ने 0 पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। ओपनर विशु कश्यप को दूसरी पारी में तुषार देशपांडे ने वापस पवेलियन भेजा और अपना विकेटों का खाता खोला। अब उसके ऊपर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है।

रिंकू सिंह-माधव कौशिक के शतक; यूपी के बल्लेबाजों का जलवा, रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में बिहार के खिलाफ बनाए 540 रन

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले मैच में यूपी की टीम ने बिहार के खिलाफ पहली पारी में 540 रन बनाए। माधव कौशिक ने 150 और रिंकू सिंह ने 112 रन की पारी खेली। वहीं आराध्य यादव और जीशान अंसारी ने अर्धशतक लगाए।

Leave a Comment