Rajasthan Royals के 15300 करोड़ रुपये में बिकने के बाद शेन वॉर्न के परिवार की लगी लॉटरी, मिलेंगे 460 करोड़

Shane Warne आईपीएल में बिकने वाले पहले खिलाड़ी थे. राजस्थान रॉयल्स के पहले कप्तान थे. उनकी कप्तानी में ही राजस्थान रॉयल्स ने IPL का पहला सीजन अपने नाम किया था. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि IPL 2026 के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स की जो करीब 15300 करोड़ रुपये में डील हुई है, उसका फायदा शेन वॉर्न को भी पहुंचा है. भले ही वॉर्न अब इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन वो फायदा उनके परिवार को जरूर मिलेगा. सीधे शब्दों में कहें तो राजस्थान रॉयल्स के 15300 करोड़ रुपये में बिकने के बाद शेन वॉर्न के परिवार की लॉटरी लग गई है

RR की डील में शेन वॉर्न का फायदा?

अब आप सोच रहे होंगे कि ये हुआ कैसे? राजस्थान रॉयल्स को US बेस्ड कल सोमानी ने 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 15300 करोड़ रुपये खर्च कर खरीदा तो फिर उसका फायदा शेन वॉर्न के परिवार को कैसे होगा? इसका जवाब है शेन वॉर्न की दूर की सोच. उनका भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला, जिसे पता चलने के बाद लोग वॉर्न का मास्टर स्ट्रोक भी कह रहे हैं.

शेन वॉर्न के परिवार को कैसे मिलेंगे 460 करोड़ रुपये?

शेन वॉर्न ने राजस्थान रॉयल्स के लिए IPL के 4 सीजन खेले. इस दौरान उन्होंने हरेक सीजन में 9.35 करोड़ रुपये सैलरी ली. लेकिन, इस सैलरी के अलावा उन्होंने राजस्थान रॉयल्स से कुछ और भी मांगा और वो थी फ्रेंचाइजी में इक्विटी. शेन वॉर्न की राजस्थान फ्रेंचाइजी में हर साल की 0.75 प्रतिशत इक्विटी थी. वॉर्न ने IPL के 4 सीजन खेले तो 0.75 प्रतिशत के हिसाब से राजस्थान रॉयल्स में उनकी कुल इक्विटी 3 प्रतिशत हुई.

अब चूंकि राजस्थान रॉयल्स करीब 15300 करोड़ रुपये में बिकी है तो 3 प्रतिशत के हिसाब से इसमें उनके हिस्से के करीब 460 करोड़ रुपये हुए, जो कि उनके परिवार को मिलेंगे.

राजस्थान रॉयल्स के लिए शेन वॉर्न का प्रदर्शन

शेन वॉर्न ने IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले 4 सीजन में कुल मिलाकर 55 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 57 विकेट अपने नाम किए. वो IPL 2008 से IPL 2011 तक राजस्थान के साथ थे. उनका सबसे सफल सीजन IPL 2008 रहा था, जिसमें उन्होंने 19 विकेट चटकाते हुए टीम को चैंपियन बनाया था.