PSL के दौरान खाली स्टेडियम को भरने के लिए बाबर आजम ने दिया आइडिया

PSL 2026:पाकिस्तान सुपर लीग अपने एक और सीजन के साथ तैयार है. लेकिन बड़ा सवाल ये है कि उसके मुकाबलों के दौरान खाली पड़े स्टेडियम में दर्शक कैसे लाए जाएं? क्रिकेट फैंस की भीड़ को ग्राउंड तक कैसे खींचा जाए? PSL 2026 को लेकर हुई कप्तानों के प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उसका जवाब बाबर आजम ने दिया. बाबर आजम PSL में पेशावर जाल्मी के कप्तान हैं. उन्होंने PSL के दौरान क्रिकेट फैंस को स्टेडियम तक खींचने का अपना ही आइडिया दिया.

PSL से दर्शक गायब, बाबर आजम ने भी माना

बाबर आजम ने सबसे पहले तो ये माना कि पाकिस्तान सुपर लीग में दर्शक नहीं आ रहे. स्टेडियम खाली पड़े हैं. उन्होंने कहा कि मैदान पर दर्शकों की मौजूदगी खिलाड़ियों को भी एक अलग एहसास दिलाती है. लेकिन, PSL में ऐसा कुछ नहीं हो पा रहा क्योंकि ग्राउंड से क्राउड गायब है. हालांकि, PSL की इस हकीकत को स्वीकारते हुए उन्होंने उससे उबरने का आइडिया भी बताया.

PSL में दर्शकों को खींचने के लिए बाबर आजम का आइडिया

बाबर आजम ने PSL कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि स्टेडियम में दर्शक नहीं आ रहे ये एक बड़ी समस्या है. हमें दर्शकों को स्टेडियम तक लाने के लिए बेहतर से बेहतर क्रिकेट खेलने पर जोर देना होगा. हमें अपना बेस्ट देने की कोशिश करनी होगी. ताकि जब वो हमें घर में टीवी पर अच्छा खेलते देखें तो उससे उनके मन में स्टेडियम आकर मैच देखने का विचार आए.


सवाल ये है कि बाबर आजम या PSL की सभी टीमें अब तक क्या कर रही थीं? क्या वो अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रही थीं? और, अगर हां तो फिर बाबर आजम अच्छी क्रिकेट खेलने की बात ही क्यों कर रहे हैं? वैसे इस बयान के बाद PSL 2026 में देखना होगा कि बाबर आजम और उनकी टीम या सभी 8 टीमें कैसा खेल दिखाती हैं?

बाबर आजम का PSL करियर

बाबर आजम ने PSL में अब तक 100 मैच खेले हैं, जिसकी 98 पारियों में उन्होंने 3792 रन बनाए हैं. पेशावर जाल्मी PSL में उनकी तीसरी टीम है, जिसके साथ ये उनका चौथा सीजन होगा. इससे पहले बाबर इस्लामाबाद यूनाइटेड और कराची किंग्स से जुड़े थे.