PSL 2026: 15 छक्के-चौके… साहिबजादा फरहान ने जड़ा एक और शतक, T20 में खतरे में बाबर आजम का रिकॉर्ड

Sahibzada Farhan Century: पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान ने T20 में एक और शतक जड़ दिया. ये कमाल उन्होंने 1 अप्रैल को PSL 2026 में खेले मुकाबले में किया. उन्होंने हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ खेलते हुए मुल्तान सुल्तांस के लिए जोरदार शतक लगाया. बड़ी बात ये रही कि साहिबजादा ने अपने शतक की स्क्रिप्ट रनचेज में लिखी. उसे जड़ने के साथ ही उन्होंने T20 में बाबर आजम के नाम दर्ज सबसे ज्यादा शतक जमाने के पाकिस्तानी रिकॉर्ड के टूटने के लिए खतरे की घंटी भी बजा दी है.

साहिबजादा फरहान ने खेली कमाल की पारी

हैदराबाद किंग्समेन ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन बनाए थे. जवाब में 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुल्तान सुल्तांस की ओर से ओपनिंग करने उतरे साहिबजादा फरहान ने पहले तो स्टीव स्मिथ के साथ पहले विकेट के लिए 104 रन की पार्टनरशिप की. उसके बाद T20 में अपने एक और शतक की कहानी भी लिखी. ऐसा करने के दौरान साहिबजादा आखिर तक नाबाद रहे. मतलब वो एक बार जो क्रीज पर उतरे तो फिर मुल्तान सुल्तांस को जीत दिलाकर ही लौटे.

55 गेंदों में जड़ा दूसरा PSL शतक

साहिबजादा फरहान की इनिंग हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ 57 गेंदों की रही, जिसमें उन्होंने 15 छक्के-चौके, जिसमें 8 छक्के और 7 चौके शामिल रहे, के साथ नाबाद 106 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने अपना शतक 55वीं गेंद पर पूरा किया. ये PSL में उनका दूसरा शतक है. इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग में अपना पहला शतक सिर्फ 49 गेंदों में जमाया था.

खतरे में बाबर आजम का रिकॉर्ड

T20 क्रिकेट की बात करें तो अब तक खेली 159 पारियों में ये उनके बल्ले से निकला 9वां शतक हैं. मतलब ये कि साहिबजादा अब बाबर आजम के नाम दर्ज सबसे ज्यादा 11 T20 शतक जमाने पाकिस्तानी रिकॉर्ड से ज्यादा दूर नहीं हैं. बाबर ने 336 T20 इनिंग खेलने के बाद 11 शतक जड़े हैं. लेकिन, साहिबजादा फरहान ने अब बाबर आजम के लिए खतरे की घंटी बजा दी है.

विराट कोहली की बराबरी की

T20 में 9वां शतक जड़कर साहिबजादा फरहान ने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. साहिबजादा अभी सिर्फ 29 साल के हैं. अगर वो इसी तरह खेलते रहे तो उनके पास सिर्फ बाबर के नाम दर्ज पाकिस्तानी रिकॉर्ड ही नहीं बल्कि T20 में क्रिस गेल के 22 शतकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी तोड़ने का मौका बन सकता है.

मुल्तान सुल्तांस को 6 विकेट से मिली जीत

PSL 2026 में साहिबाजादा फरहान के शतक की बदौलत मुल्तान सुल्तांस ने हैदराबाद किंग्समेन को 6 विकेट से हराया. साहिबजादा को उनकी कमाल की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.