PSL 2026: हैदराबाद के कप्तान बने मार्नस लाबुशेन, चौंकाने वाला फैसला

Marnus Labuschagne captain: ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन पहली बार पाकिस्तान सुपर लीग में खेलते नजर आएंगे और पहले ही सीजन में उन्हें टीम की कमान भी मिल गई है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को हैदराबाद किंग्समैन टीम ने अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है. मंगलवार दोपहर ऐलान किया गया कि मार्नस लाबुशेन पाकिस्तान सुपर लीग की इस नई टीम की कमान संभालेंगे. बता दें मार्नस लाबुशेन को टी20 क्रिकेट का इतना अनुभव नहीं है. वो फ्रेंचाइजी क्रिकेट के नाम पर सिर्फ बिग बैश लीग में खेले हैं. साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की टी20 ब्लास्ट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है.

टी20 में बड़ा नाम नहीं हैं लाबुशेन

मार्नस लाबुशेन टेस्ट और वनडे क्रिकेट में तो अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में उनका नाम नहीं है. इस खिलाड़ी ने अपने करियर में अबतक 55 टी20 मैच ही खेले हैं जिसमें उन्होंने 26.5 की औसत से 1381 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 126.5 है. साथ ही वो 8 ही अर्धशतक लगा पाए हैं. दिलचस्प बात ये है कि हैदराबाद किंग्समैन टीम में टी20 क्रिकेट के दिग्गजों में से एक ग्लेन मैक्सवेल भी हैं लेकिन इसके बावजूद कप्तान उन्हें नहीं सौंपी गई. मुमकिन है कि मैक्सवेल पूरे सीजन के लिए उपलब्ध ना हों इसीलिए लाबुशेन को कप्तानी सौंपी गई है. इस खिलाड़ी ने पूरे पीएसएल सीजन के लिए उपलब्धता दे दी है.