PSL 2026: सभी विदेशी खिलाड़ियों को मिली धमकी, अब बांग्लादेश ने उठाया ये कदम

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है. पहले कई खिलाड़ियों ने पीएसएल से नाम वापस लिया, फिर ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से हुई ईंधन की कमी से उसे बंद दरवाजे में टूर्नामेंट आयोजित करना पड़ रहा है और अब कुछ ऐसा हुआ है जो पूरे टूर्नामेंट को मुसीबत में डाल सकता है. पाकिस्तान सुपर लीग के आगाज से पहले एक आतंकी संगठन ने सभी विदेशी खिलाड़ियों को धमकी दी है. उसका कहना है कि विदेशी खिलाड़ी पाकिस्तान नहीं आए वरना जो कुछ होगा इसके जिम्मेदार वो नहीं होंगे. धमकी देने वाले ग्रुप का नाम जमात उल अहरार है, जिसने एक पब्लिक स्टेटमेंट जारी कर डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और डैरेल मिचेल जैसे खिलाड़ियों को पीएसएल में जुड़ने से मना किया है.

जमात उल अहरार की धमकी

जमात उल अहरार ने धमकी देते हुए कहा, ‘हम दुनिया के सभी क्रिकेट बोर्ड को सलाह देते हैं कि वो अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान ना भेजें. अगर यहां उनको कुछ हो गया तो उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी. हमने पहले ही वॉर्निंग जारी कर दी है. अगर खिलाड़ियों ने नाम वापस नहीं लिया तो जो हमारे बस में होगा हम वो करेंगे लेकिन मैच आयोजित नहीं होने देंगे. हम सारी कोशिश करेंगे कि खिलाड़ी मैदान में नहीं उतर पाएं.’

बांग्लादेश ने लिया चौंकाने वाला फैसला

एक ओर जहां पाकिस्तान में बड़ा खतरा मंडरा रहा है, एक ओर जहां आतंकी संगठन खिलाड़ियों को मारने की धमकियां दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की इजाजत दे दी है.बांग्लादेश के प्लेयर मैनेजर ने जानकारी दी कि बांग्लादेश के खिलाड़ी पीएसएल में हिस्सा लेंगे. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने भी पाकिस्तान के लिए उड़ान भरने का अपडेट डाला. पीएसएल में मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम और परवेज हुसैन इमॉन हिस्सा लेने वाले हैं. मुस्तफिजुर रहमान और परवेज हुसैन लाहौर कलंदर्ज का हिस्सा हैं. शोरिफुल इस्लाम, नाहिद राणा और तंजिद हसन तमीम, पेशावर जाल्मी के खिलाड़ी हैं.रिशाद हुसैन रावलपिंडी पिंडीज की टीम में हैं.