PCB का नया फरमान, मोहसिन नकवी के इशारे पर छिन गई इन पाकिस्तानी क्रिकेटरों की बड़ी आजादी

PCB New Guidelines: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों के लिए नया फरमान जारी किया है. उसने अपने सेंट्रल करार से जुड़े खिलाड़ियों के लिए कुछ नियम-कायदे तय किए हैं. नई गाइडलाइन के मुताबिक PCB के साथ सेंट्रल करार से जुड़े क्रिकेटरों को अब बिना इजाजत के सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की मनाही होगी. उन्हें कुछ भी पोस्ट करने से पहले PCB के मीडिया डिपार्टमेंट की अप्रूवल लेनी होगी. अब सवाल है कि PCB की ये कैसी गाइडलाइन है जो खिलाड़ियों को अपने मन मुताबिक कुछ भी बोलने-लिखने या शेयर करने से रोक रही है? इसके जरिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बस अपने खिलाड़ियों की एक आजादी छिन रहा है और कुछ नहीं.

PCB की ओर से खिलाड़ियों को सख्त हिदायत

पाकिस्तान के जियो न्यूज ने अपने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट छापी है कि सेंट्रल करार के तहत आने वाले खिलाड़ियों को नियम उल्लंघन से बचना होगा, खासकर वो सोशल मीडिया पर तो कुछ भी पोस्ट नहीं कर सकते. बोर्ड की तरफ से खिलाड़ियों को इसकी सख्त हिदायत दी गई है. खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके मैनेजर को भी सोशल मीडिया से जुड़ी PCB की गाइडलाइन के बारे में बता दिया गया है.

गलती करने पर लगेगा तगड़ा जुर्माना

PCB ने इस बात को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं कि राजनीतिक पोस्ट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. सेंट्रल करार से जुड़े खिलाड़ियों को पब्लिक कॉम्युनिकेशन के वक्त सारे जरूरी एहतियात बरतने होंगे. PCB ने कहा कि अगर किसी प्लेयर ने भी कंट्रोवर्सियल पोस्ट किया तो उस पर 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

नसीम शाह की घटना के बाद PCB ने उठाया कदम

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ये कदम तेज गेंदबाज नसीम शाह से जुड़ी घटना को देखते हुए उठाया है. नसीम शाह ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की चीफ मिनिस्टर मरियम नवाज को लेकर कंट्रोवर्सियल कमेंट किया था, जिसे लेकर 23 साल के पेसर पर 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया था.

नसीम शाह की घटना पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की ओपनिंग सेरेमनी से जुड़ी है, जहां मरियम नवाज चीफ गेस्ट बनकर आईं थीं और PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन्हें PSL फ्रेंचाइजी के मालिकों और खिलाड़ियों से मिलवाया था.

मोहसिन नकवी के इशारे पर छिन गई ‘आजादी’

बहरहाल, नसीम शाह को जब कंट्रोवर्सियल पोस्ट के लिए 2 करोड़ रुपये के जुर्माने की सजा मिल ही गई थी तो फिर PCB के सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ी नई गाइडलाइन लाने का क्या मतलब? हो सकता है ऐसा मोहसिन नकवी के इशारे पर किया गया हो. लेकिन, PCB का ये फैसला किसी तालिबानी फरमान से कम नहीं लग रहा, जिसने सेंट्रल करार से जुड़े खिलाड़ियों को सोशल मीडिया से दूर करने और वहां पर उन्हें बिना इजाजत कुछ भी लिखने या शेयर करने से रोक दिया है.