भारत के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के लिए टीम इंडिया के दरवाजे भले ही बंद हो गए हैं लेकिन आईपीएल आते ही उन्हें अपना कमाल दिखाने का मौका मिल जाता है और वो उससे चूकते नहीं हैं. आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज चहल हर सीजन में बड़े-बड़े बल्लेबाजों को फंसाते रहते हैं और नया सीजन शुरू होते ही फिर उन्होंने अपना कमाल दिखाना शुरू कर दिया. आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के पहले ही मैच में युजवेंद्र चहल ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ लेग ब्रेक से जादू चलाया और उसके जाल में 32.25 करोड़ के दो सबसे बड़े धुरंधर बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया.
पंजाब के मुल्लांपुर में मंगलवार 31 मार्च को खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले गेंदबाजी की. गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने एक विस्फोटक शुरुआत की और टीम को पावरप्ले में 54 रन तक पहुंचा दिया. टीम ने ओपनर साई सुदर्शन का विकेट तो जल्दी गंवा दिया था लेकिन कप्तान गिल ने हमला जारी रखा और पंजाब को बैकफुट पर रखा. दूसरी ओर से आए जॉस बटलर ने भी कुछ बड़े शॉट लगाए.
ऐसे में पंजाब को विकेट की तलाश थी और कप्तान श्रेयस अय्यर को ये सफलता दिलाई सबसे भरोसेमंद गेंदबाज चहल ने. अनुभवी लेग स्पिनर चहल ने अपने पहले ओवर में सिर्फ 4 रन देकर दबाव बनाया और फिर अगले ओवर में इसका फायदा उठाया. अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर चहल ने गुजरात के कप्तान गिल (16.5 करोड़ सैलरी) को बड़े शॉट के लालच में फंसा दिया और वो कैच दे बैठे. गिल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए.
इसके बाद चहल ने अपने आखिरी ओवर में गुजरात के बड़े स्कोर तक पहुंचने की उम्मीदों को सबसे बड़ा झटका दिया. धीमी शुरुआत के बाद अपनी रफ्तार बढ़ा रहे इंग्लैंड के दिग्गज जॉस बटलर (15.75 करोड़ सैलरी) को चहल ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौटा दिया. बटलर ने भी गिल की ही तरह गेंद को बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश की लेकिन वो भी बाउंड्री के पास कैच आउट हो गए. बटलर 33 गेंदों में सिर्फ 38 रन ही बना सके. इस तरह अपने 4 ओवर में चहल ने सिर्फ 28 रन देकर 2 विकेट लिए और गुजरात को सिर्फ 162 रन पर रोकने में बड़ी भूमिका निभाई.