PAK vs SL: भरोसे के लायक नहीं बाबर आजम? फाइनल में 0 पर ही ढेर, 7वीं बार बुरी तरह फेल

पिछले करीब 10 सालों में पाकिस्तान क्रिकेट में बाबर आजम को एक बड़ा रुतबा मिला है. सिर्फ पाकिस्तानी टीम ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में भी बाबर ने पहचान बनाई है और अपनी बैटिंग से कई रिकॉर्ड तोड़े.

मगर जो ताज इतने सालों से बाबर को पहनाया जा रहा है, उसे सही साबित करने में वो बार-बार नाकाम हो रहे हैं. एक बार फिर ऐसा हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के फाइनल में भी बाबर आजम नाकाम रहे और 0 के स्कोर पर ही आउट हो गए.

लाहौर में ट्राई-सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 326 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था. ऐसे मौके पर पाकिस्तान को अपने सबसे बड़े बल्लेबाज से एक यादगार पारी की दरकार थी. फिर दूसरे ओवर में ही पहला विकेट गिरने के बाद बाबर की एंट्री हुई और मुश्किल परिस्थिति में उन्हें टीम के लिए मोर्चा संभालना था. मगर ऐसा करना तो दूर, बाबर अपना खाता भी नहीं खोल सके.

इस पूरी वनडे सीरीज में नाकामी से गुजर रहे बाबर आजम एक बार फिर खुद को साबित नहीं कर सके. लगातार 4 गेंदों में खाता खोलने में नाकाम रहे बाबर पांचवीं गेंद पर आउट ही हो गए. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका की बाहर जाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में उनके बल्ले का किनारा लगा और गली में मौजूद पवन रत्नायके ने 3 कोशिशों के बाद आखिरकार गेंद को लपक ही लिया. इस तरह 5 गेंदों में 0 के स्कोर पर बाबर पवेलियन लौट गए.

मगर ये कोई पहला मौका नहीं है, जब इस तरह से बड़े मुकाबले में बाबर ने पाकिस्तानी टीम को निराश किया है. बाबर के करियर पर नजर डालें तो इंटरनेशनल क्रिकेट में ये 7वां फाइनल मैच था, जिसमें बाबर ने हिस्सा लिया. मगर इन 7 फाइनल में से एक भी बार बाबर आजम 50 का आंकड़ा नहीं छू सके हैं. पाकिस्तान के लिए वनडे में 20 शतक ठोक चुके बाबर की ये नाकामी उनकी काबिलियत पर सवाल खड़े कर रही है. इतना ही नहीं, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 तक बाबर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ 1 ही शतक लगाया है.

Leave a Comment