PAK vs NED: इस बैटर ने जड़ा T20 WC का पहला छक्का, शाहीन अफरीदी को जमकर कूटा, तीसरे ओवर में ही बदली गेंद

पिछले 16 साल से पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का इंतजार है. 2009 में इकलौती बार ये ट्रॉफी जीतने वाली पाकिस्तान एक बार फिर बड़ी उम्मीदों के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मैदान पर उतरी है. मगर पाकिस्तानी गेंदबाजी के सबसे बड़े हथियार शाहीन शाह अफरीदी का जो हाल हुआ, उसने टीम और फैंस को कुछ परेशान किया होगा. नीदरलैंड जैसी छोटी टीम के बल्लेबाजों ने स्टार पाकिस्तानी पेसर की जमकर धुनाई कर दी. खास तौर पर माइकल लेविट ने टूर्नामेंट का जो पहला छक्का जड़ा, उसके कारण बॉल ही बदलनी पड़ गई.

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में पाकिस्तानी टीम ने गेंदबाजी के साथ आगाज किया. हमेशा की तरह पाकिस्तान को उम्मीद रही होगी कि बाएं हाथ के पेसर शाहीन अफरीदी पहले या दूसरे ओवर में टीम को सफलता दिलाएंगे लेकिन विकेट लेना तो दूर, शाहीन रन तक नहीं बचा पाए. अपने शुरआती 2 ओवर में ही उन्होंने 20 से ज्यादा रन लुटा लिए.

इसकी शुरुआत वर्ल्ड कप की पहली ही गेंद से हुई, जिस पर नीदरलैंड के ओपनर मैक्स ओ’डाउड ने माइकल लेविट ने चौका जमा दिया. इस पहले ओवर में ही शाहीन पर एक चौका और पड़ा. उनके इस ओवर से 9 रन खर्च हो गए. दूसरी ओर से सलमान मिर्जा ने एक अच्छा ओवर निकाला. मगर शाहीन जब तीसरे ओवर में दोबारा लौटे तो फिर उनका वही हाल हुआ. एक बार फिर लेविट ने उन्हें निशाने पर लिया. इस ओवर की पहली ही गेंद पर डच ओपनर ने चौका जमा दिया, जबकि दूसरी गेंद पर 2 रन लिए.

मगर असली प्रहार आया तीसरी गेंद पर. शाहीन ने लेविट को डराने के लिए बाउंसर की कोशिश की लेकिन बुरी तरह नाकाम रहे. दाएं हाथ के बल्लेबाज लेविट ने इस पर करारा पुल शॉट जमाया और गेंद लगभग स्टेडियम के बाहर ही पहुंच गए. इस शानदार छक्के ने पाकिस्तान के होश उड़ा दिए. गेंद जब वापस मैदान पर आई तो इसका आकार ही बिगड़ गया था और इसलिए तीसरे ओवर में ही अंपायर्स ने इसे बदलने का फैसला किया.

कुल मिलाकर शाहीन के लिए ये मैच अच्छा नहीं रहा. अपनी शुरुआती 9 गेंदों में ही शाहीन ने 21 रन लुटा दिए थे. उनकी बॉलिंग का हाल ये रहा कि वो अपने 4 ओवर भी पूरे नहीं कर सके और सिर्फ 3 ओवर का स्पैल उन्हें दिया गया. वो 19वें ओवर में दोबारा बॉलिंग के लिए लौटे, जब नीदरलैंड के टेल एंडर्स बैटिंग कर रहे थे. यहां उन्हें एक विकेट जरूर मिला लेकिन कुल मिलाकर मैच का अंत उन्होंने 3 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट जैसे साधारण प्रदर्शन के साथ किया.