Opinion: भारत ने सीरीज जीती, वेस्टइंडीज ने जीता दिल; टीम इंडिया के मिशन 2027 में गेंदबाजी बनी सबसे बड़ी मुसीबत

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म हो गई है। अब एक महीने का इंतजार और फिर टीम इंडिया अपनी अगली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड की उछाल भरी पिचों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खेलने उतरेगी।

क्या स्क्वाड होगा, किसे जगह मिलेगी? अगले एक महीने में इन सब मुद्दों पर काफी चर्चा होने वाली है। फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुई वनडे सीरीज पर बात करें तो तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया 351 रन बनाकर भी हार गई। गेंदबाजों के लिए निश्चित ही यह सीरीज बुरे सपने की तरह रही है।

भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के तीन मुकाबलों में कुल 283.3 ओवर में 2109 रन बने। भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन मिशन 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए चिंता भी बढ़ाता है। एक तरफ इंजरी भारत के लिए काल बनी हुई है तो दूसरी तरफ सीनियर्स का ना होना भी बड़ा कारण हो सकता है। ऐसे में मोहम्मद सिराज जैसा अनुभवी गेंदबाज स्क्वाड में होने के बाद भी उन्हें सिर्फ तीसरा वनडे खिलाया गया। तीसरे वनडे में भी मोहम्मद सिराज से कप्तान गिल ने पूरे 10 ओवर नहीं डलवाए।

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे में सिराज अन्य गेंदबाजों के मुकाबले खास महंगे भी नहीं साबित हुए। उन्होंने 8 ओवर में 52 रन दिए और इन फॉर्म बैटर जॉन कैंपबेल का विकेट भी झटका। वेस्टइंडीज को 12 गेंद पर 7 रन चाहिए थे लेकिन 49वां ओवर दिया गया स्पिनर और कम अनुभवी गेंदबाज नमन धीर को। उनसे बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं लेकिन सिराज को यह ओवर क्यों नहीं दिया गया? या फिर जब उनके दो ओवर बाकी थी और वेस्टइंडीज को 3 ओवर में 29 रन की जरूरत थी, उस वक्त अंशुल कम्बोज को ओवर देना और उसमें 22 रन आना, कप्तान गिल की रणनीति पर कई सवाल उठाता है।

भारतीय गेंदबाजों ने जमकर लुटाए रन

भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जमकर रन लुटाए; पहले मैच में 296 रन, दूसरे मैच में 405 रन और तीसरे मैच में टीम इंडिया के गेंदबाज 352 रन का लक्ष्य भी नहीं डिफेंड कर पाए। इंजरी भी बड़ी समस्या रही। प्रसिद्ध कृष्णा दूसरे मैच में चोटिल होकर बाहर गए, तीसरे मैच में गुरनूर बराड़ के चोट लगी। हर्षित राणा, हार्दिक पंड्या पहले से ही चोटिल हैं। बुमराह और अर्शदीप एशियन गेम्स के स्क्वाड का हिस्सा थे।

ऐसे में अगर आप तैयारी 2027 वर्ल्ड कप की कर रहे हैं तो सबसे बड़ी चिंता है भारतीय गेंदबाजी का कॉम्बिनेशन। मोहम्मद शमी शायद आपकी प्लानिंग का हिस्सा नहीं हैं और इंजरी लिस्ट बढ़ती जा रही है। ऐसे में कप्तान, कोच और टीम मैनेजमेंट आगामी न्यूजीलैंड सीरीज में क्या विचार करता है यह देखने वाली बात होगी। यह समस्या टीम इंडिया की 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों में सबसे बड़ी मुसीबत बन चुकी है।

सीरीज के बाद क्या बोले कप्तान शुभमन गिल?

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वनडे सीरीज के बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, आगामी वनडे मुकाबलों में उनकी संभावित प्लेइंग 11 वही होगी, जिसको वह वर्ल्ड कप 2027 में खिला सकते हैं। यानी संकेत साफ हैं, कि गेंदबाजी के अलावा इस टीम में और किसी बदलाव की खास गुंजाइश नहीं है।

शुभमन गिल ने कहा,”ईमानदारी से कहूं तो प्रयोग करने के लिए ज्यादा समय नहीं है। उम्मीद है कि हम जिस संयोजन के साथ खेलना चाहते हैं वे सभी खिलाड़ी अगली श्रृंखला से टीम में होंगे और हम विश्व कप में जिस संयोजन के साथ खेलना चाहते हैं उसी के साथ खेलना शुरू करना चाहते हैं।”

गेंदबाजी आक्रमण और प्रमुख गेंदबाजों की इंजरी पर बोलते हुए गिल ने कहा,”मैं कहूंगा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। चोटों और अन्य मुकाबलों के आसपास व्यस्त कार्यक्रम के कारण यह थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि हम उस गेंदबाजी क्रम के साथ नहीं खेल पाए जिसके साथ हम खेलना चाहते थे। मुझे लगता है कि यह दूसरे खिलाड़ियों के लिए अच्छा मौका है। अगर हमारी पूरी ताकत वाला गेंदबाजी क्रम उपलब्ध होता तो शायद इनमें से कुछ खिलाड़ी टीम में नहीं होते। इसलिए यह उनके लिए अपनी क्षमता दिखाने का शानदार अवसर है।”

इसके अलावा ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को तीसरे एकदिवसीय में रविंद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल किया गया, लेकिन गिल ने स्पष्ट किया कि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर को बाहर रखना मुख्य रूप से टीम संयोजन की मजबूरियों के कारण था। उन्होंने कहा,”सबसे पहले तो मुझे नहीं लगता कि जड्डू भाई को बाहर किया गया था। आगे हम चयनकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। विश्व कप को ध्यान में रखते हुए जो टीम के लिए सही होगा और उन परिस्थितियों में जो खिलाड़ी अपने कौशल से टीम को अधिक योगदान दे सकता है, हम उसे टीम में रखेंगे।”

वेस्टइंडीज ने जीते दिल

अगर भारत-वेस्टइंडीज सीरीज की बात करें टीम इंडिया ने सीरीज तो जीती और बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल सभी ने प्रभावित किया। तो दूसरी तरफ मेहमान वेस्टइंडीज टीम ने दिल जीते। तीनों मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन रहा। आमिर जंगू, कप्तान शाय होप, ओपनर जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स सभी ने खूब प्रभावित किया।

कुल मिलाकर अच्छी सीरीज रही और तीसरे मैच में टीम इंडिया 351 रन भी नहीं डिफेंड कर पाई। केएल राहुल की 129 रन की नाबाद शतकीय पारी और रोहित शर्मा के 92 रन की पारी पर गेंदबाजों ने पानी फेर दिया। अब बारी है टी20 सीरीज की जिसमें श्रेयस अय्यर की गोल्ड मेडल विनिंग ब्रिगेड नजर आएगी। टीम इंडिया का इस सीरीज के लिए टी20 स्क्वाड थोड़ा सा अलग है।

जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। मयंक यादव, प्रिंस यादव नजर आएंगे। वाशिंगटन सुंदर की जगह नमन धीर को एंट्री मिली है। 6 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी। फिर 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक टीम इंडिया न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसके लिए अभी टीम का ऐलान होना बाकी है।

इसके बाद 4 नवंबर को रोहित शर्मा और विराट कोहली फिर से एक्शन में दिखेंगे क्योंकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा। लंबे समय बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड क्या होगा, कौन से गेंदबाज इस टीम का हिस्सा होंगे यह देखने वाली बात होगी।

क्योंकि लंबी सीरीज है और इसके बाद दो टेस्ट मैच भी होंगे जो WTC फाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से अहम हैं, ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल उम्मीद है कि कोच गंभीर इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा करेंगे और टीम इंडिया मिशन वर्ल्ड कप 2027 के लिए अपनी सबसे बड़ी मुसीबत का हल निकालेगी।

टीम इंडिया का अगला मैच कब? रोहित शर्मा-विराट कोहली एक महीने तक रहेंगे क्रिकेट मैदान से दूर

भारतीय क्रिकेट टीम अब एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। वहीं भारतीय टीम के दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सीधे न्यूजीलैंड दौरे पर दिखेंगे।

Leave a Comment