ODI World Cup 2027 के लिए टीम इंडिया में किसकी जगह होगी पक्की? कौन खिलाड़ी टीम में एंट्री लेने में मारेगा बाजी? कुछ दिनों पहले आई मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए 20 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट भारतीय सेलेक्टर ने तैयार कर ली है. लेकिन सभी 20 को तो वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों की जो फाइनल लिस्ट तैयार होगी, उसमें जगह मिल नहीं सकती. सबसे बड़ा सवाल टीम में उस जगह को लेकर रहेगा, जिसके लिए 3 खिलाड़ियों के बीच सीधा मुकाबला होगा. हम बात कर रहे हैं वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में पेस ऑलराउंडर की जगह को लेकर. इस जगह के लिए 3 दावेदार हैं- हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और नीतीश रेड्डी.
ODI WC 2027 में पेस ऑलराउंडर की भूमिका होगी अहम
2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की तेज पिचों पर खेला जाना है, ऐसे में पेस ऑलराउंडर की भूमिका का टीम में बढ़ जाना भी लाजमी है. अपनी बैटिंग को गहराई देने के लिए, जो कि हेड कोच गंभीर की सोच रही है, हो सकता है कि टीम इंडिया में 2 पेस ऑलराउंडर का भी सेलेक्शन हो. अगर ऐसा हुआ तो सवाल है कि हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और नीतीश रेड्डी में से किन दो को टीम में जगह मिलेगी और किस एक का पत्ता साफ होगा?
हार्दिक पंड्या
सबसे पहले बात हार्दिक पंड्या की करते हैं, जो इस वक्त टीम इंडिया के सिर्फ सबसे अनुभवी ऑलराउंडर हैं. पंड्या ने भारत के लिए आखिरी वनडे मार्च 2025 में खेला था. इंजरी पंड्या की सबसे बड़ी समस्या रही है, जिसके चलते साल 2024 में तो वो वनडे क्रिकेट से दूर ही रहे थे. वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद फरवरी-मार्च 2025 की सीरीज पहला मौका था, जिसमें वो वनडे खेलते दिखे थे. अब एक साल से फिर वो वनडे क्रिकेट से दूर हैं.
शिवम दुबे
दूसरे ऑलराउंडर शिवम दुबे की बात करें तो ये बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के गेंदबाज हैं और टीम इंडिया में हार्दिक पंड्या की जगह लेने को अपना दावा ठोक चुके हैं. हालांकि, जिस तरह से टीम इंडिया ने शिवम दुबे का इस्तेमाल T20 में किया है, वैसा वनडे क्रिकेट में नहीं किया है. उन्होंने अपना आखिरी वनडे अगस्त 2024 में खेला था. हार्दिक पंड्या का वनडे करियर अभी सिर्फ 4 मैचों का है. लेकिन, जिस तरह से भारत को T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में उन्होंने अपनी मैच्योरिटी दिखाई है, उसे देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट उन्हें अपने वऩडे क्रिकेट के गेम प्लान का भी रेग्यूलर हिस्सा जरूर बनाना चाहेगा.
नीतीश रेड्डी
शिवम दुबे की तरह टीम इंडिया के तीसरे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का भी वनडे करियर अभी सिर्फ 4 मैचों का है. लेकिन, उनका प्रदर्शन उसमें शिवम से बेहतर है. उन 4 वनडे में वो 1 अर्धशतक के साथ 100 रन बना चुके हैं. नीतीश रेड्डी ने आखिरी वनडे इसी साल जनवरी में खेला था.
वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पहले ही ये कह चुके हैं कि उसके लिए उनकी तैयारियां IPL 2026 के बाद शुरू होंगी. अब देखना ये है कि भारतीय टीम के जो 3 ऑलराउंडर हैं, उनमें से किनको टिकट टू वर्ल्ड कप मिलता है और किसके हाथ निराशा लगती है?