नई दिल्ली: ICC वनडे वर्ल्ड कप 2027 क्रिकेट के एक सुनहरे दौर के अंत का गवाह बन सकता है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में कई दिग्गज आखिरी बार विश्व कप खेलते नजर आ सकते हैं।
विराट कोहली की आखिरी विश्व कप दहाड़?
विराट कोहली के लिए 2027 वर्ल्ड कप वनडे क्रिकेट का आखिरी बड़ा मंच माना जा रहा है। कोहली ने अब तक 317 वनडे में 15,109 रन बनाए हैं और उनके नाम 55 शतक हैं। 2023 वर्ल्ड कप में 765 रन बनाकर उन्होंने एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी कायम किया था।
रोहित शर्मा भी आखिरी बार दिखेंगे?
रोहित शर्मा के लिए भी 2027 का वर्ल्ड कप एक भावुक विदाई का मंच बन सकता है। रोहित ने 291 वनडे में 12,120 रन बनाए हैं और उनके नाम सात वर्ल्ड कप शतक हैं, जो विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा हैं। तीन दोहरे शतक लगाने वाले रोहित के लिए घरेलू युवाओं की बढ़ती चुनौती के बीच यह उनका आखिरी विश्व कप अभियान हो सकता है।
मिचेल स्टार्क की नजर ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी 2027 में अपना आखिरी वनडे वर्ल्ड कप खेल सकते हैं। स्टार्क ने विश्व कप में 28 पारियों में 65 विकेट झटके हैं और इस सूची में वह ग्लेन मैक्ग्रा व मुथैया मुरलीधरन के बाद तीसरे स्थान पर हैं। 2027 में उनके पास वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे सफल गेंदबाज बनने का मौका भी होगा।
बटलर और मिलर का भी आखिरी अध्याय
इंग्लैंड के जोस बटलर और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी 2027 में अपने विश्व कप करियर का अंतिम अध्याय लिख सकते हैं। बटलर इंग्लैंड की 2019 वर्ल्ड कप विजेता टीम का अहम हिस्सा रहे और 204 वनडे में 5,678 रन बना चुके हैं। वहीं मिलर ने विश्व कप में 21 पारियों में 816 रन बनाए हैं और दक्षिण अफ्रीका को अपने घर में चैंपियन बनाने का सपना उनके सामने होगा।
एक युग के अंत की शुरुआत
अगर ये पांचों खिलाड़ी 2027 वर्ल्ड कप में उतरते हैं, तो टूर्नामेंट सिर्फ खिताब की जंग नहीं बल्कि एक पीढ़ी की विदाई भी बन जाएगा। कोहली, रोहित, स्टार्क, बटलर और मिलर ने अलग-अलग अंदाज में वनडे क्रिकेट पर अपनी छाप छोड़ी है। अब फैंस की नजर इस बात पर होगी कि इनमें से कौन अपने आखिरी विश्व कप को यादगार ट्रॉफी के साथ खत्म करता है।