ODI Tri-Series: बांग्लादेश पर गिरी दोहरी गाज, जिम्बाब्वे से मिली शर्मनाक हार, अब ICC ने भी दी सजा

Bangladesh Cricket Team: यूएई में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के शुरुआती मुकाबले में बांग्लादेशी क्रिकेट टीम को भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा. अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे के हाथों 99 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त झेलने के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने भी स्लो ओवर रेट के चलते बांग्लादेशी टीम पर कार्रवाई की है.

कप्तान लिटन दास के चोटिल होने के कारण इस मैच में कप्तान के तौर पर कमान संभाल रहे युवा बल्लेबाज तौहीद हृदोय का कप्तानी डेब्यू किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ है.

बांग्लादेश को ICC ने दी सजा

इस मुकाबले के दौरान बांग्लादेश की टीम निर्धारित समय सीमा में अपने कोटे से एक ओवर पीछे पाई गई. जिसके चलते आईसीसी इंटरनेशनल पैनल के मैच रेफरी डेविड गिल्बर्ट ने इस गिलती के लिए टीम पर कार्रवाई की. खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के लिए बनी आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत बांग्लादेशी टीम पर प्रति ओवर पांच प्रतिशत के हिसाब से मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.

मैदानी अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर- इजातुल्लाह सफी और तीसरे अंपायर अहसान रजा ने मैच खत्म होने के बाद यह आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं, बांग्लादेश के कप्तान हृदोय की ओर से इस गिलती और जुर्माने को तुरंत मान लेने के कारण मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी है.

अफगानिस्तान से ‘करो या मरो’ की टक्कर

ट्राई सीरीज में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए बांग्लादेश को फौरन अपनी गलतियों से उबरना होगा. लिटन दास की गैरमौजूदगी में हृदोय की अगुवाई वाली टीम को अपना अगला मुकाबला टूर्नामेंट के मेजबान अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है. यह मुकाबला बुधवार 21 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बांग्लादेश के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा.

Leave a Comment