ODI क्रिकेट में विराट कोहली रच सकते हैं अभूतपूर्व इतिहास, न्यूजीलैंड में करना होगा ये काम

भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के पास एक अद्भुत उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा, जब वे न्यूजीलैंड में अगले महीने 5 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलेंगे। विराट कोहली का प्रदर्शन अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा रहा तो वे दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बन जाएंगे, जिनका औसत SENA देशों में यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में औसत वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 से ज्यादा का होगा।

विराट कोहली का औसत साउथ अफ्रीका में वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 76.38 का है। वहीं, इंग्लैंड में विराट ने 51.48 के औसत से रन बनाए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली ने 50.03 के औसत से वनडे क्रिकेट में रनों का अंबार लगाया हुआ है। अब बारी न्यूजीलैंड की है, जहां रन मशीन विराट का औसत 49.66 का है।

विराट को करना होगा ये काम

अब बात करते हैं कि विराट कोहली का औसत कैसे 50 के पार जा सकता है। इसका पहला सिनेरियो यह है कि विराट कोहली अगर पांच मैच खेलते हैं और उन पांचों मैचों में आउट हो जाते हैं और सीरीज में कुल रन वे 254 बनाते हैं तो उनका औसत 50 से ज्यादा का हो जाएगा। दूसरा सिनेरियो यह है कि अगर वे चार मैचों में आउट होते हैं और एक मैच में नाबाद रहते हैं और कुल रन सीरीज में 204 बनाते हैं तो भी वे 50 से ज्यादा का औसत हासिल कर लेंगे।

विराट कोहली को 50 से ज्यादा का औसत अगर न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में चाहिए तो इसके लिए तीसरा सिनेरियो यह है कि विराट 3 मैचों में आउट हो जाएं और दो मैचों में नाबाद लौटें, भले ही रन 154 ही बनाएं, तो भी उनका औसत न्यूजीलैंड की सरजमीं पर 50 के पार हो जाएगा और वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे, जिनका औसत चार बड़े देशों में वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा का है।

ऑस्ट्रेलिया में भाग्य ने दिया था कोहली का साथ

ऑस्ट्रेलिया दौरे से जुड़ी दिलचस्प बात यह है कि विराट कोहली ने अपनी आखिरी गेंद पर चौका जड़ा था। इससे उनका औसत 50 से जरा से ऊपर चला गया था। अगर वे सिंगल या डबल आखिरी गेंद पर लेते तो उनका औसत 50 से नीचे चला जाता और वह फिर कभी ऊपर नहीं जाता, क्योंकि वह उनका आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा था।

वनडे इंटरनेशनल करियर में 15 हजार से ज्यादा रन बना चुके विराट कोहली का करियर औसत 58.79 है। इतने ज्यादा रन किसी अन्य बल्लेबाज ने इतने अच्छे औसत से नहीं बनाए हैं। यहां तक कि स्ट्राइक रेट भी विराट का बाकी बल्लेबाजों के मुकाबले अच्छा है। 94.37 के स्ट्राइक रेट से वे अपने करियर में खेले हैं। 55 शतक और 79 अर्धशतक उनके नाम दर्ज हैं।

Leave a Comment