NZ vs ZIM: हैट्रिक समेत 16 विकेट और इतने रन, इस कप्तान ने पहली ही सीरीज मचाया धमाल

न्यूजीलैंड की मेंस टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और टीम अपना पहला खिताब जीतने से चूक गई. मगर दूसरी ओर न्यूजीलैंड की महिला टीम लगातार अपना दबदबा बना रही है. मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड ने इस साल होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले नई कप्तान के नेतृत्व में सफल शुरुआत की है. जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. अब वनडे सीरीज में भी कीवी टीम ने जिम्बाब्वे का पूरी तरह सफाया कर दिया और इसकी स्टार बनीं कप्तान एमेली कर्र, जिन्होंने आखिरी मैच में हैट्रिक लेते हुए 5 विकेट झटके और साथ ही 80 रन की दमदार पारी भी खेली.

कप्तान ने अकेले ही दिला दी जीत

डुनेडिन में बुधवार 11 मार्च को न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच महिला ODI सीरीज का आखिरी मैच खेला गया था. इसमें मेजबान न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग की और 6 विकेट खोकर 303 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम को यहां तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका कप्तान कर्र और युवा बल्लेबाज मैडी ग्रीन की रही. कीवी कप्तान ने ओपनिंग में उतरकर 80 रन की दमदार पारी खेली, जबकि मैडी ग्रीन शतक से चूक गईं और ताबड़तोड़ 94 रन बनाकर आउट हुईं.

सीरीज के पिछले मुकाबलों के हाल को देखते हुए जिम्बाब्वे के लिए ये लक्ष्य पहले ही मुश्किल नजर आ रहा था. फिर एमेली कर्र ने अपनी लेग स्पिन से इसे असंभव ही बना दिया. न्यूजीलैंड के पेस अटैक ने जिम्बाब्वे के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया और फिर कीवी कप्तान ने सिर्फ 3.1 ओवर के स्पैल में मिडिल और लोअर ऑर्डर को निपटा दिया. इस दौरान उन्होंने पारी के 24वें ओवर में हैट्रिक भी झटकी. आखिरकार एमेली कर्र ने 3.1 ओवर में 5 विकेट झटकते हुए जिम्बाब्वे को सिर्फ 103 रन पर ढेर कर दी.

सीरीज में सुपरहिट रहीं एमेली

न्यूजीलैंड की 200 रन की जीत के साथ ही सीरीज भी 3-0 से क्लीन स्वीप हो गई. कप्तान एमेली कर्र इस मैच और सीरीज की स्टार घोषित हुई. पहले मैच से ही एमेली कर्र ने बैटिंग और बॉलिंग से जिम्बाब्वे पर कहर बरपाये रखा. पहले मैच में उन्होंने 4 विकेट हासिल किए, जबकि दूसरे मैच में रिकॉर्ड 7 विकेट झटकने के साथ ही 45 रन भी बनाए. इस तरह 3 मैच की सीरीज में उनके बल्ले से 140 रन निकले, जबकि 16 विकेट भी उनके खाते में आए, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल है.