NZ vs ZIM: कप्तान बनते ही पहले मैच में ठोका शतक, सिर्फ बाउंड्री से बना दिए इतने रन

एक तरफ न्यूजीलैंड की मेंस क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताब जीतने की होड़ में लगी हुई है तो वहीं न्यूजीलैंड की महिला टीम विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटी है. इसी तैयारी के सिलसिले में कीवी टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज का जोरदार आगाज किया और पहले ही मैच में 92 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत की स्टार रहीं टीम की स्टार ऑलराउंडर और नई कप्तान एमेली कर्र, जिन्होंने बतौर कप्तान पहले ही मैच में शानदार शतक जमाया और फिर विकेट भी झटके.

हैमिल्टन में बुधवार 25 फरवरी को खेले गए टी20 सीरीज के पहले मैच के साथ ही न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट में एक नया दौर शुरू हुआ. सोफी डिवाइन के संन्यास के बाद एमेली कर्र को सभी फॉर्मेट में न्यूजीलैंड का नया कप्तान नियुक्त किया गया. इससे पहले भी एमेली कुछ मुकाबलों में टीम की कमान संभाल चुकी थीं लेकिन फुल टाइम कप्तान बनते हुए ये उनका पहला ही मैच था और उसे कीवी स्टार ने हमेशा के लिए खुद को यादगार बना दिया.

न्यूजीलैंड ने यहां पहले बैटिंग की और टीम ने 202 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसकी वजह भी कप्तान एमेली कर्र ही रहीं. हालांकि, उनसे पहले जॉर्जिया प्लिमर और इजाबेला गेज ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और 5.2 ओवर में 43 रन की साझेदारी की. प्लिमर के आउट होने के बाद एमेली ने मोर्चा संभाला और फिर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की धुनाई कर दी. उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर पारी के आखिरी ओवर में शतक के करीब पहुंच गईं.

20वें ओवर की आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर एमेली ने टी20 इंटरनेशनल में अपना पहला शतक पूरा किया. एमेली ने 51 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 19 चौके उनके बल्ले से निकले. इस तरह 76 रन उन्होंने सिर्फ बाउंड्री से बना दिए. वहीं इजाबेला गेज 66 रन बनाकर नाबाद लौटीं.

जिम्बाब्वे के लिए ये लक्ष्य मुश्किल होगा, ये पहले से ही तय लग रहा था लेकिन शुरुआती 7 गेंदों में ही दोनों ओपनर का खाता खोले बिना पवेलियन लौटना टीम के लिए बड़ा झटका रहा. इससे उबरने में जिम्बाब्वे की पूरी पारी खत्म हो गई और 20 ओवर में टीम सिर्फ 110 रन ही बना सकी. इसकी वजह भी कप्तान कर्र रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए और टीम को सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई.